अमरोहा: श्राद्ध पूर्णिमा पर हजारों ने गंगा में लगाई डुबकी, सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्राद्ध पूर्णिमा के मौके पर बुधवार को हजारों श्रद्धालुओं ने ब्रजघाट में गंगा नदी में डुबकी लगाई। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का जरा भी पालन नहीं किया गया। वहीं गंगा धाम तिगरी में स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं को पुलिस ने गजरौला में ही कुमराला पुलिस चौकी के पास रोक दिया।
इससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा कई श्रद्धालुओं की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। पितृ पक्ष श्राद्ध शुरू हो चुके हैं। बुधवार को श्राद्ध पूर्णिमा पर गंगा में स्नान के लिए श्रद्धालुओं ने तड़के से ही ब्रजघाट और तिगरी का रुख करना शुरू कर दिया था।
ब्रजघाट में पुलिस द्वारा अधिक रोक-टोक नहीं किए जाने के कारण वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। गंगा घाट पर काफी भीड़ थी और लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं कर रहे थे। वही घाट पर बनी अस्थायी चौकी में पुलिसकर्मी आराम फरमाते नजर आए।
इसी के चलते घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ब्रजघाट में दिल्ली, नोएडा, एनसीआर, गाजियाबाद के साथ ही हरियाणा और राजस्थान से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान के उपरांत अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए हवन पूजन भी कराया।
घाट पर काफी चहल-पहल नजर आई। उधर गजरौला के गंगा धाम तिगरी में जाने वाले श्रद्धालुओं को गजरौला थाने की कुमराला पुलिस चौकी के पास कुमराला पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया और उन्हें आगे नहीं जाने दिया।
पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को कोरोना वायरस के कारण सोशल डिस्टेंसिंग के पालन का हवाला दे रहे थे। इसे लेकर उनकी कई श्रद्धालुओं से नोकझोंक भी हुई । हालांकि तिगरी में सुबह सवेरे कुछ श्रद्धालुओं के स्नान करने की सूचना है।
वही तिगरी में रहने वाले पंडित गंगा शरण शर्मा और अन्य दुकानदारों ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर तिगरी में श्रद्धालुओं को आने से रोकती है, जबकि हर बार ब्रजघाट में स्नान पर्व पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करते हैं।
ब्रजघाट में हाईवे पर लगा जाम, रेंगते रहे वाहन
श्राद्ध पूर्णिमा पर ब्रजघाट में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण हाइवे पर जाम लग गया और जाम में फंसे वाहन रेंगते नजर आए। बुधवार को श्राद्ध पूर्णिमा पर ब्रजघाट में रिकॉर्ड भीड़ रही।
वहां स्थित पार्किंग में पानी और कीचड़ के साथ ही गंदगी होने के कारण दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद आदि स्थानों से आने वाले श्रद्धालुओं ने अपने-अपने वाहन बीच सड़क पर ही खड़े कर दिए थे। इस कारण हाइवे पर जाम लग गया, वहीं ब्रजघाट में गंगा नदी का एक पुल बंद होने के कारण ट्रैफिक वनवे रहा और वाहन रेंगते नजर आए।