मुरादाबाद। बिजनौर से छुट्टी पर आए मुरादाबाद 23वीं वाहिनी पीएसी के एक जवान की शनिवार रात को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने उन्हें पहले जिला अस्पताल फिर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में खटीमा थाना क्षेत्र के भूड़ महोलिया निवासी रेलवे से सेवानिवृत्त शिशुपाल सिंह के पुत्र नरेंद्र सिंह राणा (36) मुरादाबाद 23वीं वाहिनी पीएसी में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। यहां पीएसी कैंपस में ही वह परिवार के साथ रहते थे। कुछ समय पहले उन्हें अन्य जवानों के साथ बिजनौर में ड्यूटी के लिए भेजा गया था। बताया जाता है कि वह 21 जनवरी को छुट्टी लेकर मुरादाबाद घर आए थे। यहां शनिवार रात को उनकी तबीयत बिगड़ी गई। परिवार वालों व अन्य पीएसी जवानों ने उन्हें यहां जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिवार वालों ने उन्हें शनिवार रात शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पीएसी जवान के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम में पीएसी जवान की मौत हार्ट अटैक से होने की पुष्टि हुई है। नरेंद्र की मौत से उसकी पत्नी सरिस्ता देवी और दस व छह वर्षीय बेटियों का रो-रो कर बुरा हाल है।