UP News: अब मुरादाबाद में घर बनाना हो जाएगा और महंगा, सर्किल रेट की नई दरें एक सितंबर से होंगी लागू
मुरादाबाद में घर बनाना और महंगा हो जाएगा। जिला प्रशासन ने करीब 25 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसकी नई दरें एक सितंबर से प्रभावी हो जाएंगी।
विस्तार
मुरादाबाद जिला प्रशासन ने पिछले साल की तुलना में करीब 25 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस मामले में आम लोगों से 24 अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई हैं। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद डीएम नया सर्किल रेट जारी करेंगे। नई दरें एक सितंबर से प्रभावी हो जाएंगी।
जिला प्रशासन ने सबसे अधिक बंगला गांव से नागफनी थाने तक की जमीन का सर्किल रेट 25 प्रतिशत से अधिक प्रस्तावित किया है। इस क्षेत्र के बंगला गांव वाल्मीकि बस्ती, हुसैनपुर में पहले 47000 रुपये प्रति वर्ग मीटर का रेट था। इस क्षेत्र का सर्किल रेट 55000 करने का प्रस्ताव किया गया है।
इसी प्रकार कांठ रोड के आसपास की जमीनों की दरें पिछले साल की अपेक्षा 20 प्रतिशत अधिक बढ़ाई गई हैं। एआईजी स्टाम्प अनिल कुमार सिंह ने बताया कि डीएम अनुज सिंह के निर्देश पर एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्यम मिश्रा ने प्रस्ताव तैयार करने के लिए एसडीएम और अन्य अधिकारियों को लगाया था।
नए प्रस्ताव के तहत दिल्ली रोड से लेकर पाकबड़ा जीरो प्वाइंट तक 20 से 25 प्रतिशत तक दरें बढ़ाकर प्रस्तावित की गई हैं। देहात क्षेत्रों में पांच से 15 प्रतिशत तक दरें बढ़ेंगी। इस मामले में सूचना निबंधक कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई है।
कोई भी नागरिक 15 अगस्त से 24 अगस्त की शाम पांच बजे तक आपत्ति या सुझाव दे सकता है। निर्धारित तिथि समाप्त होने के डीएम की अध्यक्षता में 28 अगस्त को 11 बजे तक आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। जिले में एक सितंबर से सर्किल रेट की नई दरें लागू कर दी जाएंगी। इससे जमीन खरीदना महंगा हो जाएगा।
शहर के मार्ग पिछले दर नई प्रस्तावित
टाउनहाल रोड से चौमुखापुल कटरा नाज तक 98000 112000
अमरोहा गेट से मंडी तक (25 मीटर तक) 98000 112000
बंगला गांव से नागफनी थाने तक 47000 55000
मंडी चौक से दीवान का बाजार चौराहे तक 75000 89000
पीलीकोठी से मधुबनी तक (50 मीटर तक) 97000 114000
मधुबनी से विवेकानंद अस्पताल तक 92000 109000
ओवरब्रिज कांठ रोड से शेरूआ चौराहे तक 37000 44000
लोकोशेड पुल से चौधरी चरण सिंह तिराहा तक 86000 101000
प्रभात मार्केट से फौव्वारा चौक तक 104000 123000