मुरादाबाद। नवागत डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को कोषागार पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार की प्राथमिकताओं का शत-प्रतिशत पालन होगा।
जिलाधिकारी सुबह करीब साढ़े दस बजे सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण किया। इसके बाद कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां गारद ने उन्हें सलामी दी। नवागत डीएम ने कोविड हेल्प डेस्क पहुंचकर सभी पटलों पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। नगर मजिस्ट्रेट एमपी सिंह एवं प्रभारी कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर ने वहां किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से बताया। जिलाधिकारी ने कार्यालय पहुंचकर जनपद में नगर पालिका एवं नगर पंचायत की संख्या और जिले में उपलब्ध नजूल भूमि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि अभी कोविड समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई पूर्वक पालन करें। मास्क लगाएं, दो गज की दूरी बनाकर रखें और बार-बार साबुन से हाथ धोएं। सभी लोग वैक्सीनेशन कराएं। उन्होंने कहा कि 18 प्लस वालों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन, मुख्य कोषाधिकारी समीर कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सुरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर आलोक वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रीति जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट सहित जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।