मोहब्बत में तोड़ी मजहब की दीवार: मुंतरीन ने मुस्कान बन अजय संग लिए फेरे, अब बता रही जान का खतरा; मांगी सुरक्षा
युवती ने बताया कि उसे अपने परिवार से खतरा है। हमें सुरक्षा दी जाए। दोनों को पुलिस सुरक्षा मिल गई और वह दिल्ली चले गए।
विस्तार
यूपी के मुरादाबाद स्थित बिलारी थाना क्षेत्र के सनाई गांव में रहने वाली मुंतरीन ने मुस्कान बनकर मंदिर में अजय के साथ सात फेरे लिए। इस प्रेम विवाह से युवती के परिजन नाखुश हैं। शुक्रवार को मुस्कान अजय के साथ एसएसपी के सामने पेश हुई। उसने अपने परिवार से खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसएसपी ने बिलारी थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
तीन साल से एक दूसरे से प्रेम करते हैं दोनों
बिलारी थाना क्षेत्र के सनाई निवासी अजय का अपने ही गांव में रहने वाले मुंतरीन से करीब तीन साल से प्रेम संबंध है। शुक्रवार की दोपहर दोनों एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। उसने अपना नाम अब मुस्कान रख लिया है लेकिन उसके परिवार के लोग इस शादी से नाखुश हैं।
इससे पहले भी दोनों परिवारों के बीच विवाद हो चुका है। शुक्रवार की सुबह युवती अपने घर से निकल गई और अजय के पास पहुंच गई। दोनों ने शुक्रवार को बिलारी के मंदिर में शादी कर ली।
युवती बोली- हम दोनों को जान का खतरा
युवती ने बताया कि उसे अपने परिवार से खतरा है। हमें सुरक्षा दी जाए। दोनों को पुलिस सुरक्षा मिल गई और वह दिल्ली चले गए। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बिलारी थाना प्रभारी को आदेश दिए हैं कि गांव जाकर जांच करें कि किसी तरह का कोई तनाव तो नहीं है।