निशाने पर मुस्लिम परिवार: गौर ग्रेसियस सोसायटी में तीन दिन से विरोध जारी, 13 के खिलाफ पुलिस ने की कार्रवाई
सिविल लाइंस की गौर ग्रेसियस सोसायटी में 13 साल से रह रहे मुस्लिम परिवार के विरोध से तनाव बढ़ गया। पुलिस ने माहौल बिगाड़ने की आशंका में दोनों पक्षों के 13 लोगों को पांच-पांच लाख रुपये में पाबंद किया है। सोसायटी में हंगामा रोकने के लिए पुलिस सतर्कता बढ़ा रही है।
विस्तार
सिविल लाइंस की गौर ग्रेसियस सोसायटी में 13 साल से रह रहे मुस्लिम परिवार का अचानक विरोध होने से तनाव बढ़ गया है। पुलिस ने इस मामले में 13 लोगों को पांच- पांच लाख रुपये से पाबंद किया है। अब सोसायटी में माहौल खराब होता है तो पाबंद किए गए लोगों से पांच पांच लाख रुपये की वसूली की जाएगी।
सोमवार को पुलिस ने मुस्लिम परिवार पर भी निरोधात्मक कार्रवाई की है। गौर ग्रेसियस सोसायटी में 13 साल से लखनऊ निवासी मुस्लिम परिवार रहता है। शनिवार को सोयायटी के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने मुस्लिम परिवार से आवास खाली कराने के लिए दबाव बनाया।
मुस्लिम परिवार ने इसका विरोध किया तो सोसायटी में हंगामा हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बात की गई। सोयायटी में करीब 400 हिंदू परिवार रहते हैं। उन्होंने सुरक्षा का हवाला देते हुए आवास खाली कराने की मांंग की।
उस वक्त तो पुलिस ने लोगों का समझाकर शांत करा दिया था, लेकिन रविवार को फिर से लोगों ने हंगामा किया और आवास खाली कराने के लिए कहा। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
12 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए सभी को पांच पांच लाख रुपये में पाबंद किया गया। सोमवार को पुलिस ने मुस्लिम परिवार पर भी निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये में पाबंद किया है।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि 13 लोग पांच पांच लाख रुपये से पाबंद किए गए हैं। किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उनसे पांच-पांच लाख रुपये वसूले जाएंगे।
मुस्लिम परिवार ने शुरू की आवास की तलाश
सोसायटी में रहने पर लोगों ने विरोध किया तो मुस्लिम परिवार ने कहीं दूसरे जगह मकान की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक परिवार को मकान नहीं मिल पाया है। पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि आवास की रजिस्ट्री मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर है।
मुस्लिम परिवार लंबे समय से रहता है, लेकिन अब दोनों ही पक्ष असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। परिवार को ऐसी जगह रहना चाहिए, जहां वह सुरक्षित महसूस करे। इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। विवेक कुमार गोयल, अध्यक्ष, गौर ग्रेसियस
पुलिस रख रही सोसायटी पर नजर
मुस्लिम परिवार के विरोध के चलते सोसायटी में हुए हंगामे के बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई है। पुलिस लगातार सोसायटी पर नजर रखे हुए हैं। इसके अलावा मुस्लिम परिवार के भी संपर्क में है। परिवार के लोगों को पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि वह खुद को सुरक्षित महसूस करें और कोई परेशान हो तो तुरंत सूचना दें। इसके अलावा पुलिस टीम भी लगातार सोसायटी में चक्कर लगा रही है।