{"_id":"6acc7f1d87f37b71d906a815","slug":"moradabad-youth-suffers-burns-from-ohe-after-climbing-onto-diesel-laden-freight-wagon-2026-10-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुरादाबाद: डीजल भरी मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ा युवक ओएचई से झुलसा, आग लगने से स्टेशन पर मची अफरा तफरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मुरादाबाद: डीजल भरी मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ा युवक ओएचई से झुलसा, आग लगने से स्टेशन पर मची अफरा तफरी
Mon, 12 Oct 2026 12:03 PM IST
Vimal Sharma
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
Published by: Vimal Sharma
Updated Mon, 12 Oct 2026 12:03 PM IST
सार
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर डीजल लदी मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ा दिव्यांग युवक ओएचई की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। चिंगारी से डीजल टैंक वैगन में आग लगने से स्टेशन पर अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन
रेलवे स्टेशन पर डीजल वैगन में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक व दो के बीच खड़ी डीजल लदी मालगाड़ी के वैगन पर एक दिव्यांग युवक चढ़ गया। ओएचई की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। इस बीच धमाके जैसी आवाज के साथ चिंगारी गिरने से डीजल के टैंक वैगन ने आग पकड़ ली। इससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन
आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने आग बुझाई। एंबुलेंस से झुलसे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना रविवार दोपहर 12 बजे की है। उस समय प्लेटफार्म नंबर एक व दो के बीच में तीन मालगाड़ियां खड़ी थीं। एक के वैगन में डीजल था तो दूसरी में कोयला लदा था, जबकि तीसरी में अन्य सामान था।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दिव्यांग युवक दूसरी ट्रेन के नीचे से निकलकर डीजल वाली मालगाड़ी तक पहुंचा और वैगन पर चढ़ गया। यदि चिंगारी कोयले की मालगाड़ी में भी चली जाती या डीजल वैगन के टैंकर से जरा सा भी रिसाव होता तो आग फैल सकती थी। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आरपीएफ व जीआरपी कर्मी आग बुझा चुके थे।
विज्ञापन
सीओ विश्वजीत सिंह ने बताया कि झुलसा युवक मानसिक रूप से कमजोर लग रहा है। उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है।
पांच माह पहले भी डीजल मालगाड़ी पर चढ़ा था बुजुर्ग, गई थी जान
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर 25 मई 2026 को प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी डीजल से भरी मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ा एक बुजुर्ग ओएचई लाइन के करंट से झुलस कर जान गंवा बैठा था। करीब पांच माह बाद उसी तरह की घटना से स्टेशन पर मालगाड़ियों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।