निकाह के दिन इंतजार करती रही गई दुल्हन: ऐन वक्त पर दूल्हा गायब, सबके मन में एक ही सवाल- युवक ने ऐसा क्यों किया
परियावली गांव में रविवार को शादी समारोह में दूल्हा गायब हो गया। इस कारण गांव सिसौना से बरात नहीं पहुंची। दुल्हन पक्ष ने लाखों रुपये खर्च किए थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी है।
विस्तार
यूपी के संभल जिले के रायसत्ती थाना क्षेत्र के गांव परियावली में रविवार को आयोजित शादी समारोह के मंडप पर बरात नहीं पहुंची। ऐन वक्त पर दूल्हे के गायब होने का दावा किया गया। इससे परेशान दुल्हन पक्ष ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दुल्हन पक्ष के होश उड़े हुए हैं। लाखों रुपये खर्च कर शादी के कार्यक्रम की तैयारियां की गई थीं। अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, गांव परियावली में रविवार की सुबह दस बजे शादी के लिए सारी तैयारी हो गई थी। दुल्हन पक्ष दूल्हे और बरात के आगमन की प्रतीक्षा कर रहा था, लेकिन यह इंतजार खत्म नहीं हुआ। दूल्हा ऐन वक्त पर गायब हो गया और इस कारण बरात नहीं आई। इससे शादी की शहनाई के स्वर थम गए। दूल्हे की खूब तलाश की गई लेकिन वह नहीं मिला।
इस पर दुल्हन पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। बताते चले कि एक गांव निवासी व्यक्ति के पांच बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी है, जो इकलौती है। इसी की शादी गांव सिसौना निवासी युवक के साथ तय हुई थी। रविवार को बरात आनी थी लेकिन बरात से पहले ही दूल्हा गायब हो गया। इस कारण बरात नहीं जा सकी। दूल्हा क्यों गायब हुआ इसकी जानकारी उसके परिजन भी दुल्हन पक्ष को नहीं दे पाए हैं। वहीं, दूसरी ओर बरातियों के लिए तैयार खाना व नाश्ता भी रखा रह गया। गांव में लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
बरात नहीं आने का मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल रही है। तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। - अमन सिंह, सीओ, असमोली।