Moradabad: दुबई में नाैकरी लगवा देंगे.... छह युवकों से ठग लिए लाखों, रकम वापस मांगी तो मिलने लगी धमकी
दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक दंपती ने छह युवकों से 1.80 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने फर्जी वीजा देकर 15 दिन में दुबई भेजने का वादा किया था, लेकिन पीड़ितों को इसकी जानकारी मिल गई। उन्होंने रकम मांगी तो धमकाया गया।
विस्तार
दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दंपती ने छह युवकों से 1.80 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा निवासी अमीर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 जून 2024 को उसकी मुलाकात कटघर के रहमतनगर निवासी नदीम आलम से हुई थी।
नदीम आलम और उसकी पत्नी तबस्सुम ने दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। इसके बाद अमीर अहमद, उसके साथी जीशान, जुनैद, मुर्सलीम, बिलाल समेत छह लोगों ने दुबई में नौकरी लगवाने के लिए नदीम और उसकी पत्नी को 1.80 लाख रुपये दिए थे। आरोपी दंपती ने 15 दिन में दुबई भिजवाने का भरोसा दिया था।
आरोपियों ने उन्हें वीजा दे दिया और कहा कि जल्द सभी दुबई चले जाएंगे। इसी बीच पीड़ितों को पता चला कि वीजा फर्जी है। उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी उन्हें धमकाने लगे। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी नदीम आलम और उसकी पत्नी तबस्सुम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
ठगों ने युवक के खाते से उड़ाए 93 हजार
सिविल लाइंस क्षेत्र के बिशनपुर में रहने वाले नूर मोहम्मद के खाते साइबर ठग ने 93 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने आरोपी ठग के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पीड़ित नूर मोहम्मद ने बताया कि 10 अगस्त 2024 को उसके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने पीड़ित से एक एप डाउनलोड करा लिया।
इसके बाद उसके खाते से 93 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। ब्यूरो
व्यापारी की जेब काटकर निकाले 50 हजार रुपये
रामपुर जिले के सैफनी निवासी सरफराज हुसैन की कपड़े की दुकान है। सरफराज ने बताया कि 8 सितंबर को वह कोतवाली क्षेत्र के बुध बाजार में लेडीज सूट खरीदने आए थे। यहां से वह इंपीरियल तिराहे के पास से दुकान तक जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए। इसी दौरान बराबर में बैठे यात्री ने जेब काटकर 50 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।
आरोपी ई-रिक्शा में ही मोबाइल छोड़कर भाग गया था। पीड़ित ने बुध बाजार चौकी में आरोपी का मोबाइल दे दिया और रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर भी दे दी, लेकिन पुलिस ने केस दज नहीं किया था। एसएसपी से शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई।