Moradabad: ट्रक ठीक करते समय पहिये के नीचे आया मैकेनिक, मौके पर तोड़ा दम, हादसे में किसान की जान गई
मुरादाबाद में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पहले हादसे में ट्रक ठीक करने के दौरान मैकेनिक की मौत हो गई। दूसरे में किसान को ट्रक ने रौंद दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया है।
विस्तार
सफीलपुर गांव निवासी मैकेनिक उवैस (18) की ट्रक के पहिये के नीचे आकर मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम की है। उवैस एक ठेकेदार की सूचना पर मझोला थाना क्षेत्र में ट्रक ठीक करने पहुंचा था। ट्रक ठीक करते समय अचानक ट्रक स्टार्ट हो गया और उवैस पहिये के नीचे आ गया।
बिलारी थाना क्षेत्र के गांव सफीलपुर निवासी उवैस बड़ी गाड़ियों में वायरिंग का काम करता था। मंगलवार शाम को एक कंपनी के ठेकेदार ने उवैश को बताया कि मझोला थाना क्षेत्र में एक ट्रक खराब हो गया है, जिसमें वायरिंग की कोई समस्या हो गई है।
इस पर उवैस ट्रक ठीक करने मझोला थाना क्षेत्र पहुंचा। वह ट्रक के नीचे वायरिंग ठीक कर रहा था। इस बीच ट्रक स्टार्ट हो गया और उवैस ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने शव की शिनाख्त की। बुधवार दोपहर बाद पुलिस ने मैकेनिक के शव को पुलिस को सौंप दिया। मृतक छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।
ट्रक की टक्कर से किसान की मौत
मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे किसान को टक्कर मार दी। इस हादसे में किसान की मौत हो गई। रामपुर के बिलासपुर थाना क्षेत्र के खूंटाखेड़ा निवासी रिंकू मंगलवार रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर ट्रॉली से रिश्तेदारी में भूसा पहुंचाने जा रहा था।
उसके साथ गांव का सुंदर लाल (50) था। रिंकू ने बताया कि मूंढापांडे में पेट्रोल के पास होटल पर चाय पीने के लिए ट्रैक्टर को रोका था। इस दौरान सुंदर लाल शौच के लिए सड़क किनारे जा रहा था। रामपुर की ओर से आ रहा ट्रक ने सुंदर लाल को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मृत्यु हो गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सुंदर लाल खेती करता था। उसकी पत्नी हीरावती की डेढ़ पहले बुखार से मृत्यु हो गई थी। उसके पुत्र अरविंद तथा दो बेटियां हैं। एस एच ओ शैलेंद्र कुमार ने बताया कि चालक ट्रक छोड़कर भाग गया है। उसे कब्जे में ले लिया है।