Moradabad: मुठभेड़ में पकड़ा गया जहरखुरान गिरोह का सरगना, महिला को रखता था साथ, ट्रेन में ऐसे करता था माल साफ
ट्रेनों में सफर के दौरान यात्रियों को लूटने वाला आसिफ को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया। उसकी लंबे समय से तलाश चल रही थी। वह घटना को अंजाम देने से पहले अपने साथ महिला को रखता था। इसके बाद यात्रियों के साथ घुल मिलकर उनका सामान लूट लेता।
विस्तार
ट्रेनों में यात्रियों को नशीली चाय पिलाकर उनके रुपये लूटने वाला आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वह कटघर आउटर पर अपने साथियों संग फिर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। जीआरपी ने मौके पर उसे घेर लिया।
मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और पकड़ा गया। हालांकि उसके बाकी साथी भागने में फरार हो गए। 20 दिन पहले ही अमरोहा निवासी आसिफ ने गजरौला-नजीबाबाद पैसेंजर ट्रेन में एक दंपती को अपना निशाना बनाया। उसने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर दोनों को पिला दिया।
नशा इतना ज्यादा कि पति ट्रेन से गिरकर हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई। उसकी पत्नी बेहोशी की हालत में मंडी धनौरा तक पहुंच गई। वहां से वह वापस गजरौला आई। पुलिस से संपर्क किया को पता चला कि उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी है।
इसके अलावा करीब चार माह पहले आरोपी आसिफ ने अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में दो वकीलों को नशीली चाय पिलाकर उनके एक लाख रुपये लूट लिए थे। यह मुकदमा दिल्ली जीआरपी थाने में दर्ज हुआ था। आरोपी लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहा था लेकिन पुलिस की पहुंच से बाहर था।
बुधवार को रात 8:30 बजे पुलिस से मुखबिर की सूचना पर कटघर आउटर पर उसे घेर लिया। मुठभेड़ के बाद जख्मी आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला साथी शबनम के साथ मिलकर देता था घटना को अंजाम
पुलिस का कहना है कि आरोपी आसिफ महिला शबनम के साथ मिलकर जहरखुरानी की घटनाओं को अंजाम देता है। यदि कोई यात्री उसकी बातों में नहीं आता था तो महिला का सहारा लेकर उससे बातचीत बढ़ाने की कोशिश की जाती थी। दोनों में से किसी एक के झांसे में यात्री फंस जाता था और नशा देकर उसका सामान दोनों आरोपी लूट लेते थे। जीआरपी थाने में उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा पुलिस अन्य थानों से उसका रिकॉर्ड जुटा रही है।
छह गिरोह के साथ मिलकर काम है आरोपी
करीब एक साल पहले अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में जहरखुरान गिरोह ने तीन लोगों को नशीली चाय पिलाकर लूट लिया था। मुख्य आरोपी सूरज साहू व उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपी आसिफ के तार इस गिरोह से जुड़े थे।
इसके अलावा यूपी समेत अन्य राज्यों में ट्रेनों में जहरखुरानी को अंजाम देने वाले पांच गिरोह के साथ आसिफ के संबंध हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी आउटर पर रुककर ट्रेनों के धीमी होने का इंतजार करते हैं। वहीं से उसमें चढ़कर यात्रियों को लूट लेते हैं।