Moradabad: साइबर ठगों की बाढ़, दर्जनों लोग हुए शिकार, बैंक में नौकरी का झांसा देकर लाखों ऐंठे
मुरादाबाद में रामलीला में रावण का किरदार निभाने वाले राजेश रस्तोगी का साइबर अपराधियों ने फेसबुक पर रावण नाम से फर्जी आईडी बना ली। मामला प्रकाश में आने पर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की है।
विस्तार
मुरादाबाद में साइबर ठग नए- नए तरीके से लोगों को ठग रहे हैं। एक छात्रा को साइबर ठग ने मेल भेजकर बैंक में सेलेक्शन होने की जानकारी दी और फीस के नाम पर एक लाख आठ हजार रुपये जमा करा लिए। नौकरी नहीं लगने पर पीड़ित ने आरोपी ठग के खिलाफ केस दर्ज कराया है। कोतवाली थानाक्षेत्र के बालाजी का मंदिर जिला सहकारी बैंक के सामने रहने वाला सचि चौहान सरकारी विभाग में जॉब के लिए तैयारी कर रही है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसने 11 जून को नौकरी ग्रुप नाम से उसके पास मेल आया। जिसमें जानकारी दी गई थी कि आपका एक्सिस बैंक में चयन हो गया है।
आरोपी ने झांसा देकर फीस के नाम पर छात्रा से 33266 रुपये जमा करा लिए। इसके बाद भी छात्रा को जॉब नहीं मिली तो उसने गूगल से सर्च कर एक्सिस बैंक का कस्टमर केयर का नंबर ले लिया। इस पर कॉल की तो फिर से आरोपी ने कहा कि जॉब की प्रक्रिया जारी है। कुछ और रकम जमा करनी होगी। आरोपियों ने तीन बार में 75234 रुपये और जमा करा लिए। छात्रा से एक लाख पांच हजार 500 रुपये की साइबर ठगी
कर ली।
छात्रा कुछ दिन तक नौकरी की आस में बैठी रही, लेकिन जब समय बीतता चला गया, तब उसे ठगी का एहसास होने लगा। इसके बाद आरोपियों ने नंबर भी बंद कर दिए। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मुरादाबाद में रामलीला में रावण का किरदार निभाने वाले राजेश रस्तोगी का साइबर अपराधियों ने फेसबुक पर रावण नाम से फर्जी आईडी बना ली। मामला प्रकाश में आने पर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की है।सिविल लाइंस के दीनदयाल नगर निवासी राजेश रस्तोगी पिछले करीब चालीस साल से रामलीला मंचन में रावण और दशरथ का किरदार निभा रहे हैं। वह महानगर भाजपा में आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक भी हैं। उन्होंने फेसबुक पर अपने नाम से एक आईडी बना रखी है। जिस पर वह अपनी पार्टी के कार्यक्रम और रामलीला मंचन से संबंधित जानकारी व फोटो शेयर करते हैं। उन्होंने बताया कि आईडी उनके बेटे चलाते हैं। उनका कहना है कि साइबर अपराधियों ने उनके फोटो और नाम का गलत इस्तेमाल करके फेसबुक पर फर्जी आईडी बना ली है।
इसके बाद साइबर अपराधी ने उनके परिचितों को फ्रेंड्स रिक्वेस्ट भेजनी शुरू कर दी है। राजेश रस्तोगी ने बताया कि उनके एक परिचित ने फोन कर बताया कि उनके नाम से एक नई आईडी फेसबुक पर बनी है, जिससे रिक्वेस्ट आ रही हैं। एसएसपी हेमंत कुटियाल ने सिविल लाइंस थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
विदेश भेजने के नाम पर ग्रामीण से दो लाख रुपये ठगे
मुरादबाद के कांठ में विदेश में अच्छा काम दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण से दो लाख सात हजार रुपये ठग लिए। इतना ही नहीं कुवैत का फर्जी वीजा भी उसे थमा दिया। अब आरोपी ने रुपये वापस करने से इंकार कर दिया और मारपीट पर उतारू हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
छजलैट के गांव मुस्तफापुर खंडसाल के तौफीक पुत्र अहमद हसन ने बुधवार को छजलैट थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 11 महीने पहले उसे डिलारी क्षेत्र का रहने वाला युवक मिला। उसने उसके बेटे दानिश को विदेश में अच्छा काम दिलाने की बात कही थी। उसने खर्चे के दो लाख सात हजार रुपये बताए।
उसे पूरी रकम दे दी। कुछ दिन बाद युवक ने कुवैत का फर्जी वीजा दे दिया। जब इसका पता लगा तो उसने अपने रुपये वापस मांगे। जिस पर युवक उसे टालता रहा। बाद में उच्चाधिकारियों से शिकायत की तो उसने तीन महीने में रुपये लौटाने का लिखित वादा किया था। लेकिन अब वह रुपये देने से मना कर रहा है। मारपीट पर उतारू हो जाता है। तौफीक ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
डेबिट कार्ड बदलकर युवती के खाते से उड़ाए 35 हजार रुपये
मुरादाबाद के गलशहीद थानाक्षेत्र की युवती का डेबिट कार्ड बदलकर ठगों ने खाते से रकम निकाल ली। घटना उस समय हुई जब युवती का भाई एटीएम से रुपये निकालने गया था। वहां खड़े व्यक्ति ने मदद करने का झांसा देकर कार्ड बदल लिया। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गलशहीद के मोहल्ला ईदगाह फाटक वाली गली निवासी निशा 27 अक्तूबर को अपने भाई के साथ कटघर के करूला गई थी। युवती का भाई उसके डेबिट कार्ड से कोहिनूर तिराहा स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। एटीएम से रुपये नहीं निकल रहे थे। इसी दौरान वहां खड़े व्यक्ति ने उसकी मदद करने का झांसा दिया और कार्ड बदल लिया। रुपये नहीं मिलने पर भाई बहन घर आ गए। युवती अगले दिन रुपये चेक करने के लिए बैंक शाखा गई तो पता चला कि उसके डेबिट कार्ड से सीतापुरी, लाजपत नगर और रामपुर में 35 हजार रुपये निकाले गए हैं। एसएसपी कार्यालय से युवती के प्रार्थना पत्र को साइबर सेल में जांच के लिए भेज दिया गया है।