Moradabad: खून के रिश्ते... बेटे की जान बचाते ट्रेन की चपेट में आए पिता, चली गई जान, शव देख परिजनों में कोहराम
मुरादाबाद के कटघर इलाके में पिता-पुत्र ट्रेन की चपेट में आ गए। एक दूसरे को बचाने के चक्कर में पिता की मौत हो गई। जख्मी बेटे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
विस्तार
कटघर थाना क्षेत्र में बुधवार रात पिता-पुत्र ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में पिता की मौत हो गई और बेटा घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों एक-दूसरे को ट्रैक से हटाने के चक्कर में ट्रेन की चपेट में आ गए थे।
कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला महबुल्लागंज निवासी अमरनाथ (60) के परिवार में पत्नी लक्ष्मी, चार बेटे शंभू, रॉबी, मनोज व रोहित और एक बेटी मनोरमा है। बुधवार को मनोज देर रात घर पहुंचा था। इसी दौरान पिता ने उसे डांट दिया। इसके बाद मनोज घर वालों को धमकी देकर गया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है।
इसके कुछ देर बाद पिता अमरनाथ मनोज की तलाश करने लगे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि मनोज गोविंद नगर क्रॉसिंग के पास पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर खड़ा है। अमरनाथ ने ट्रेन आती देखी तो वह बेटे को बचाने पहुंच गए।
ट्रेन करीब आ गई तो दोनों ने एक-दूसरे को धक्का देकर रेलवे ट्रैक से हटाकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन पिता-पुत्र दोनों ही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में अमरनाथ की मौत हो गई और मनोज घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनोज से पूछताछ की।
उसने बताया कि मरने वाले उसके पिता अमरनाथ (60) थे। घायल अवस्था में मनोज को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अनियंत्रित होकर पिकअप पलटी, युवक की मौत
शाहबाद रोड पर बुधवार रात सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पिकअप पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार मझोला थाना क्षेत्र निवासी संदीप सागर (24) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी रजत घायल हो गया।
मझोला थाना क्षेत्र में मंडी समिति के पास रहने वाले मिंटू सागर का बेटा संदीप सागर सोलर पैनल लगाने का काम करता था। बुधवार देर रात करीब दो बजे संदीप बरेली जनपद में साथियों के साथ काम निपटाकर पिकअप से शाहबाद होते हुए बिलारी जा रहा था।
पिकअप को भोजपुर क्षेत्र के पीपलसाना निवासी इलियास चला रहा था। संदीप अपने साथी मोहित और रजत के साथ पिकअप में बैठा था। बिलारी थाना क्षेत्र में शाहबाद रोड पर बिलारी और धर्मपुर गांव के बीच सामने से आ रहे ट्रक से बचने की कोशिश में पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसे में संदीप की मौत हो गई। घायल रजत को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। संदीप की चार माह पहले ही शादी हुई थी। परिवार में पत्नी और माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई भी है।