Moradabad: खेल न खिलाड़ी फिर भी खूब बिक रहे बेसबॉल बैट, हकीकत जान चौंक जाएंगे..इस काम के लिए खरीद रहे लोग
मुरादाबाद में बेसबॉल बैट जमकर बिक रहा है। कई जगहों पर तो यह क्रिकेट बैट से ज्यादा खरीदा जा रहा है। दुकानदारों ने बताया कि महंगी गाड़ियों के शौकीन इसे ज्यादा खरीद रहे है। इसके अलावा बुलेट पर भी लोग इसे रखने लगे हैं।
विस्तार
मुरादाबाद जिले में न तो बेसबॉल का खेल स्टेडियम में संचालित होता है और न ही इस खेल का अभ्यास करने वाले खिलाड़ी हैं। बावजूद स्पोर्ट्स सामानों की हर दुकान पर बेसबॉल बैट खूब बिक रहे हैं। कुछ दुकानदारों की मानें तो बेसबॉल बैट की खरीद क्रिकेट बैट के बराबर है। लोग अपनी महंगी कारों में रखने के लिए इसे खूब खरीदते हैं।
इतना ही नहीं कई लोगों ने बुलेट के लेग गार्ड में लोहे या स्टील का बेसबॉल बैट रखने के लिए खांचा बनाया है। कंपनी की ओर से न मिलने पर लोग एसेसरीज के रूप में अलग से इसे लगवा रहे हैं। लकड़ी का सामान्य बेसबॉल बैट बाजार में 150 रुपये मूल्य से बिकना शुरू होता है। इसकी अधिकतम रेंज 600 रुपये तक है।
इसके बाद एल्युमिनीयम के बैट की दरें 400 रुपये से शुरू होती हैं। यह बैट बाजार में 1000 रुपये तक मिलता है। इसके बाद कुछ लोग स्टील व लोहे का बेसबॉल बैट खरीदते हैं। यह बैट स्पोर्ट्स की दुकानों पर उपलब्ध नहीं है। बुलेट बाइकों को मॉडिफाई करने वाले कुछ दुकानदार इसे रखते हैं। इसकी कीमत भी 1000 रुपये है।
मेरठ से बेसबॉल बैट खरीदकर लाते हैं बुलेट के शौकीन
बुलेट बाइक के शौकीन कुछ लोग लेग गार्ड में रखने के लिए लोहे का बेसबॉल बैट मेरठ से खरीदते हैं। बुलेट मॉडिफाई करने वाले दुकानदारों का कहना है कि दिल्ली नजदीक होने के कारण मेरठ के सोतीगंज बाजार में बुलेट के लिए बुलेट के लिए अच्छे सामान मिल जाते हैं।
मुरादाबाद में भी ज्यादातर सामान दिल्ली से आता है लेकिन यहां बुलेट बाइक मॉडिफाई कराने के लिए लोगों को ज्यादा खर्च करना पड़ता है। लोहे व स्टील के बेसबॉल बैट ज्यादातर लोग वहीं से खरीदते हैं।
मैं 20 वर्ष से बाजार गंज में स्पोर्ट्स की दुकान चला रहा हूं। पिछले पांच सालों में बेसबॉल बैट का चलन बढ़ गया है। अब इसकी बिक्री क्रिकेट बैट के बराबर पहुंच गई है। हालांकि मुरादाबाद में बेसबॉल खेल संचालित नहीं होता। - तारिक, मखीजा स्पोर्ट्स
बेसबॉल बैट की मांग बाजार में काफी है। हर दिन औसतन दो बैट बिक जाते हैं। 150 रुपये से लेकर 400 रुपये तक लकड़ी का बैट उपलब्ध है। बच्चों से लेकर 35 साल की उम्र वाले लोग भी इसे खरीदते हैं। - अशोक गुप्ता, सिद्धबली स्पोर्ट्स