हिंसक कुत्तों का आतंक: 24 घंटे में 18 लोगों को दाैड़ाकर काटा...अस्पताल में लगी भीड़, मोहल्लों में मचा हड़कंप
मुरादाबाद में आवारा कुत्तों ने महज 24 घंटे के भीतर 18 लोगों को काट लिया। इससे मोहल्लों में हड़कंप मच गया। लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय निवासी इलाज के लिए लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं।
विस्तार
ठाकुरद्वारा के विभिन्न इलाकों में कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं। कुत्तों ने 18 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। कुत्तों के काटने से ठाकुरद्वारा निवासी रहनुमा, कालाझंडा की अलफिजा, ठाकुरद्वारा वार्ड 13 के हरगोविंद, शरीफनगर के अर्श, वार्ड 24 के आयाज जख्मी हो गए।
इसके अलावा राजूपुर मिलक की अलीशा उदयपुर के आनंद सिंह, गबनवाला के अशोक, वार्ड 16 की सहाना और वार्ड 17 की हृदयेश, बथुआखेड़ा की माही, मोहिउद्दीनपुर के मो. अखिल, छोटेलाल, कालाझंडा के कृष्णा, भरतावाला की आराधना और पलकभी घायल हो गई।
रतूपुरा निवासी संजय और फरीदनगर निवासी विनोद भी कुत्तों के हमले में जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल में लाया गया। सभी के एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाकर उनका इलाज किया गया। चाैबीस घंटे के भीतर 18 लोगों पर कुत्तों के हमले से हड़कंप मचा हुआ है।
तंदूर वाले को पिता-पुत्रों ने डंडों से मारा
मुरादाबाद कोतवाली क्षेत्र में तंदूर के सामने से बकरी को भगाने पर पिता-पुत्रों ने मिलकर तंदूर वालेे को डंडों से मारा पीटा। इस मामले में तंदूर वाले ने आरोपी पिता-पुत्रों के विरुद्ध कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज करा दी है। पीड़ित फैसल आलम ने बताया कि वह कोतवाली क्षेत्र के फीलखाना के रहने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि घटना 16 नवंबर की रात 10.15 बजे की है। वह उनके घर के सामने रोटी के तंदूर है। यहां पर बकरी थी, जिसे वह भगाने लगे। उसी दौरान बकरी के मालिक मोहम्मद आलम ने उन्हें देख लिया और गाली-गलौज करने लगे थे।
फैसल ने मोहम्मद आलम को गाली-गलौज करने से रोका तो उसने अपने दोनों बेटों फरोज अहमद व फहद आलम को बुला लिया। फिर इन तीनों लोगों ने मिलकर उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया था। शोरगुल की आवाज सुनकर मोहल्ले के कई लोग आ गए और बचाव किया। इसके बाद भी मोहम्मद आलम उन्हें जान से मारने की धमकी देते मौके से चले गए।
शांति भंग में दो लोगों पर कार्रवाई
कटघर थाने की पुलिस ने सोमवार को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें नन्हें उर्फ ओम प्रकाश पुत्र पातिराम और अर्जुन पुत्र रमेश शामिल हैं। नन्हें कमला विहार पीतलबस्ती का रहने वाला है, जबकि अर्जुन हनुमान मूर्ति के पास रंभू-शंभू की फैक्टरी के पास का निवासी है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि इन दोनों लोगों के विरुद्ध शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई है।