मुरादाबाद: मंडी में अतिक्रमण हटाने को फिर चला बुलडोजर, 30 अवैध निर्माण किए ध्वस्त, एक दिन की मोहलत
मुरादाबाद मंडी समिति में 30 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में चलाए गए अभियान के बाद व्यापारियों को एक दिन की मोहलत दी गई है। कई व्यापारियों ने खुद ही टिनशेड हटाने शुरू कर दिए हैं।
विस्तार
मुरादाबाद में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंडी समिति में सोमवार फिर बुलडोजर चला। अभियान के तहत 30 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। 100 से अधिक व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है। अभियान को देख सब्जी मंडी में टिनशेड डाल व्यापार करने वाले कई व्यापारियों ने अपने आप अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन की मोहलत दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिन बाद फिर अभियान चलाया जाएगा। अभियान से टिनशेड डाल कर व्यापार करने वाले व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में सोमवार सुबह अतिक्रमण हटाने के दो बुलडोजर के साथ टीम मंडी समिति पहुंच गई। टीम द्वारा वहां एक व्यापारी द्वारा आवंटित दुकान के ऊपर किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद टीम ने आवंटित दुकानों के आगे जाल व गेट लगाकर किए गए अतिक्रमण और अतिरिक्त निर्माण को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
टीम की इस कार्रवाई को सब्जी मंडी में टिनशेड डाल कर व्यवसाय कर रहे व्यापारियों ने टिनशेड खोलना शुरू कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन की मोहलत दी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अभियान के तहत करीब 30 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं।
जो लोग स्वयं अतिक्रमण हटा रहे हैं उन्हें एक दिन की मोहलत दी गई है। दो दिन बाद फिर अभियान शुरू किया जाएगा। इस मौके पर मंडी की प्रभारी सचिव महादेवी और पुलिस बल मौजूद रहा।
व्यापारियों के समर्थन में मंडी पहुंचे भाजपा महानगर अध्यक्ष
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कुछ व्यापारियों द्वारा फोन करने पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला मंडी समिति पहुंच गए। इस दौरान अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा था। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने सिटी मजिस्ट्रेट से इस संबंध में वार्ता की। इस पर उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर जो अवैध अतिक्रमण है उसे हटाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन व्यापारियों को दुकानें आवंटित हैं वह अपनी दुकानों में पहुंच जाएं। इस पर गिरीश भंडूला ने उनसे नियमानुसार एक समान कार्रवाई करने व किसी व्यापारी का बेजा उत्पीड़न नहीं होने देने की बात कही। सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें बिना भेदभाव के कार्रवाई का भरोसा दिलाया।