Moradabad Accident: जहां गूंजनी थी किलकारी... वहां सुनाई दीं चीखें, बेटे और बहू की मौत से सदमे में आई मां
मुरादाबाद के लोधीपुर राजपूत गांव के पास गलत दिशा से आ रहे डंपर ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इसमें दंपती की मौत हो गई। दोनों की शादी एक साल पहले हुई थी। परिजनों के अनुसार हिमाशी आठ माह की गर्भवती थी।
विस्तार
लोधीपुर राजपूत गांव के पास ओवरब्रिज पर गलत दिशा से आ रहे डंपर ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल योगेश (22) और उसकी पत्नी हिमांशी (21) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पीछा कर डंपर चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गांव मोहनपुर निवासी भट्ठा मजदूर योगेश प्रजापति की हिमांशी से एक साल पहले 10 जून 2023 को शादी हुई थी। बताते हैं कि हिमांशी आठ माह की गर्भवती थी। परिवार में जल्द की शिशु की किलकारी भी गूंजने वाली थी, लेकिन हादसे के बाद चीखें गूंजने लगीं।
साथ ही दुनिया आने से पहले ही मां बाप के साथ शिशु ने भी मां के पेट में ही जान गंवा दी। रविवार की सुबह योगेश पत्नी हिमांशी के साथ बाइक से अपनी सुसराल ग्राम मालपुर मिलक थाना असमौली जिला संभल जा रहा था।
दोपहर एक बजे नेशनल हाईवे पर लोधीपुर राजपूत गांव के पास ओवरब्रिज पर बाइक सवार दंपती को गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। आसपास के लोगों ने हादसे के बाद भाग रहे डंपर चालक को घेरकर पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
रविवार की शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब मुरादाबाद से दंपती के शव ग्राम मोहनपुर पहुंचे तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोधीपुर राजपूत गांव के लोगों का कहना था कि काल की तरह डंपर गलत दिशा में चालक चला रहा था। गलत दिशा में चलने वाले डंपरों ने कई लोगों की जान ली है।
कुछ माह पहले ही एक किसान की मौत होने के बाद लोगों ने हाईवे पर जाम लगाया था। पुलिस ने जैसे तैसे इस जाम को खुलवाया था। गलत दिशा से आने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन मिला था।
यातायात पुलिस की लापरवाही के चलते फिर डंपर चलने लगे हैं। डंपरों पर पुलिस लगाम लगाने की जगह लापरवाही बरत रही है। लोधीपुर राजपूत गांव के अमरजीत सिंह, चमन सिंह ने बताया खनिज लेकर डंपर करीब ढाई किलोमीटर तक गलत दिशा में चलता रहा।
ओवरब्रिज पर जब यह डंपर गलत दिशा में चढ़ रहा था तभी बाइक सवार दंपती को उसने रौंद दिया। ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदारों पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
बेटे-बहू की मौत से सदमे में मां
हादसे से योगेश की मां हरकली सदमे में हैं। बेटे और बहू की मौत की जानकारी मिलने के बाद से बार-बार बेसुध हो रही हैं। अब परिवार में एक छोटा बेटा वीरपाल सिंह रह गया है, जबकि एक बेटी चमनवती है, जिसकी शादी हो गई है।
परिवार की महिलाएं हरकली को ढांढस बंधाती नजर आईं। रविवार शाम जब दो अर्थियां एक साथ घर से उठीं तो सभी की आंखें नम हो गईं। गमगीन माहौल में शवों का अंतिम संस्कार किया गया।