मुरादाबाद: शोरूम के नक्शे पर हॉस्पिटल चला रहे थे, एमडीए ने कर दी यह कार्रवाई, निगम ने तालाब से हटवाया कब्जा
दिल्ली रोड पर शोरूम के नक्शे पर चल रहे हॉस्पिटल की कंपाउंडिंग के लिए संचालक द्वारा एमडीए में दी गई फाइल निरस्त कर दी गई है। जांच में पाया गया कि हॉस्पिटल नियमों का उल्लंघन कर रहा है। उधर, नगर निगम ने तालाब पर किए गए कब्जे को हटा दिया है।
विस्तार
शोरूम के नक्शे पर हॉस्पिटल चला रहे संचालक ने एमडीए में कंपाउंडिंग के लिए फाइल दाखिल किया था लेकिन एमडीए के अधिकारी ने कंपाउंडिंग करने से इनकार कर दिया। उसका आवेदन भी निरस्त कर दिया गया है। प्राधिकरण इस मामले में शीघ्र ही अन्य कार्रवाई करेगा।
कटघर के करुला निवासी कादिर पाशा ने दिल्ली रोड पर संचालित हॉस्पिटल के मामले में एमडीए उपाध्यक्ष से शिकायत की थी। इस मामले में अधिशासी अभियंता पूरन कुमार ने जांच की। जांच में आया कि शो रूम के नक्शे के नाम पर हॉस्पिटल संचालित है।
संचालक ने नियमों का उल्लंघन किया है। इस मामले में जेई ने अपनी रिपोर्ट एमडीए को दी। रिपोर्ट के आधार पर कंपाउंडिंग का आवेदन निरस्त कर दिया गया। एमडीए के अभियंताओं का कहना है कि शीघ्र ही इस मामले में सील की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने भी मानकों का पालन नहीं करने पर हाॅस्पिटल संचालक को नोटिस भेजा है। शिकायत कर्ता ने इस मामले में हॉस्पिटल संचालक पर अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं।
मैनाठेर में तालाब पर कब्जा, निगम ने की कार्रवाई
मझोला के मैनाठेर में 3020 वर्गमीटर की जमीन पर स्थानीय लोगों की ओर से कब्जा किया जा रहा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची टीम ने कार्रवाई करते हुए जमीन को पाटने का काम बंद करा दिया और मझोला थाने में अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई करने की तहरीर दी है।
मैनाठेर में कान्हा गोशाला के पास यह जमीन नगर निगम के रिकॉर्ड में तालाब के रूप में दर्ज है। गाटा संख्या-407 में स्थित इस भूमि पर अज्ञात व्यक्तियों की ओर से डंपर से मिट्टी डालकर भराव का कार्य कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम मौके पर पहुंची और मिट्टी भराव की कार्रवाई को बंद करा दिया।
निगम की टीम ने मशीन की मदद से पाटी गई मिट्टी को हटाया और अंधेरा होने के चलते कार्य रोक दिया। टीम शुक्रवार को फिर से भराव मिट्टी को हटाने का काम करेगी। अपर नगर आयुक्त के अनुसार इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए मझोला थाने में तहरीर दे दी गई है।
तालाब में डाली गई मिट्टी को बुद्धि विहार में निर्माणाधीन राम वाटिका में भेजने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में दिल्ली रोड स्थित गागन तिराहे पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार पर भी कार्रवाई की गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर फड़ लगाकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले रेहड़ी- पटरी संचालकों को व्यवस्थित किया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी अविनाश गौतम, नईम हैदर व राकेश कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।