Lok Sabha Elections 2024: मुरादाबाद मंडल में अमरोहा मतदान में सबसे अव्वल, रामपुर के लोग रहे पीछे.. जानें गणित
मुरादाबाद मंडल में सभी सीटों पर मतदान हो चुका है। प्रशासन के जारी आंकड़ों के अनुसार अमरोहा में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है। रामपुर के लोगों ने मतदान में सबसे कम दिलचस्पी दिखाई है। अमरोहा में 64.58 प्रतिशत मतदान हुआ है।
विस्तार
मुरादाबाद मंडल की सभी छह सीटों पर मतदान हो चुका है। वोटिंग करने में इस बार अमरोहा के वोटर भले ही 2019 का आंकड़ा छूने से चूक गए हों, लेकिन मंडल में सर्वाधिक मतदान कर अव्वल रहे। उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक रामपुर सीट के वोटरों ने मतदान में खासी रुचि नहीं दिखाई।
इस बार वह मतदान करने में फिसड्डी साबित हुए। मुरादाबाद मंडल में मुरादाबाद, बिजनौर, नगीना, अमरोहा, संभल और रामपुर सीटें आती हैं। 19 अप्रैल को पहले चरण में मंडल की नगीना, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर सीट पर मतदान हुआ था, जबकि 26 अप्रैल को दूसरे चरण में अमरोहा की सीट पर वोटिंग हुई थी।
संभल में सात मई को तीसरे चरण में मतदान हुआ। मंडल में सभी सीटों पर मतदान होने के बाद प्रशासन की ओर से मतदान के आंकड़े भी जारी कर दिए गए हैं। भीषण गर्मी के बीच चले मतदान में अमरोहा के मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखा।
उन्होंने इस बार मंडल में सबसे ज्यादा मतदान किया। अमरोहा में 64.58 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि अमरोहा के वोटर भी 2019 में हुए मतदान के आंकड़े को नहीं छू पाए, जबकि रामपुर के वोटर घरों से नहीं निकले। यहां 55.85 प्रतिशत ही वोटिंग हुई। मुरादाबाद में 62.18 प्रतिशत, नगीना में 60.75 प्रतिशत और संभल में 62.81 प्रतिशत मतदान हुआ।
2019 में भी अमरोहा में हुआ था सर्वाधिक मतदान
मंडल की अमरोहा सीट पर 2019 में सर्वाधिक मतदान हुआ था। तब 71.05 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद दूसरे नंबर पर बिजनौर, तीसरे नंबर पर मुरादाबाद के मतदाता मतदान करने में थे। तब नगीना लोकसभा के मतदाताओं ने रुचि नहीं दिखाई थी।
2014 में भाजपा ने जीती थी सभी सीटे, 2019 में खाता नहीं खुला
2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मंडल की सभी सीटों पर पर कब्जा किया था। तब बसपा, सपा और कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में परिणाम अलग आए थे। बसपा और सपा ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। मंडल की मुरादाबाद, संभल और अमरोहा सीट सपा ने जीती थी, जबकि अमरोहा, बिजनौर और नगीना बसपा ने जीती थी।
लोकसभा सीट 2024 2019
अमरोहा 64.58 71.05
मुरादाबाद 62.18 65.94
नगीना 60.75 63.66
बिजनौर 58.73 66.22
रामपुर 55.85 63.66