Lok Sabha Elections: मुरादाबाद में 19387 मतदाता घर पर ही डाल सकेंगे वोट, नामांकन की तैयारियों में जुटा प्रशासन
लोकसभा चुनावों के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। मंडलायुक्त कार्यालय तिराहा से लेकर कलक्ट्रेट तक बैरिकेडिंग लगा दी गई है। एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए 20 मार्च से नामांकन शुरू हो जाएगा।
विस्तार
मुरादाबाद जिले में 85 वर्ष से की आयु से अधिक के मतदाताओं के साथ-साथ दिव्यांग मतदाता मतदान बूथ पर न जाकर अपने घर पर वोट डाल सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। इस आशय का आदेश प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी मुकम्मल कर ली है। जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्र में 19387 दिव्यांग तथा 9044 बुजुर्ग मतदाता है।
एडीएम प्रशासन गुलाबचंद्र ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव में 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए घर पर मतदान की सुविधा निर्वाचन आयोग के आदेश पर उनकी सहमति से उपलब्ध कराई गई थी। लेकिन इस बार आयोग ने इसमें पांच वर्ष का इजाफा किया है।
इस बार 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं को यह सुविधा मिल सकेगी। एडीएम ने बताया कि इसके लिए दोनों वर्ग के मतदाताओं को चिह्नित किया जा चुका है। बीएलओ व तहसील प्रशासन की टीम संबंधित मतदाताओं से संपर्क करेगी।
अगर वह घर पर मतदान की इच्छा जताते हैं तो उनसे सहमति के रूप में फार्म-12 डी भरवाकर यह सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। वह स्वयं भी निर्वाचन कंट्रोल रूम पर फोन कर सुविधा के लिए कह सकते हैं। इन वर्गों के जो मतदाता घर पर मतदान नहीं करना चाहते वह अपने बूथ पर जाकर मतदान कर सकते हैं।
विधानसभा दिव्यांग मतदाता 85 वर्ष आयु से अधिक के मतदाता
कांठ 3142 1197
ठाकुरद्वारा 2535 2669
मुरादाबाद ग्रामीण 3435 1229
मुरादाबाद नगर 4101 1134
कुंदरकी 3564 1513
बिलारी 2610 1302
----------------------------------------------
योग 19387 9044
नामांकन के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई
लोकसभा चुनाव में नामांकन के लिए रविवार को मंडलायुक्त कार्यालय तिराहा से लेकर कलक्ट्रेट तक बैरिकेडिंग लगाई गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए 20 मार्च से नामांकन शुरू हो जाएगा।
प्रत्याशी सहित कुल पांच लोगों को अंदर जाने की इजाजत होगी। 27 मार्च तक नामांकन होगा। नामांकन के लिए आयोग की तरफ प्रत्याशियों की सुविधा के लिए रिटर्निंग आफिसर की तरफ से ऑफलाइन और ऑनलाइन नामांकन की व्यवस्था की जाएगी। नामांकन के लिए सुविधा पोर्टल पर सभी अभिलेख अपलोड किए जाएंगे।
सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन का समय निर्धारित किया गया है। चुनाव पर निगरानी रखने के लिए कलक्ट्रेट में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। नामांकन के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों की जमानत राशि 25 हजार रुपये और अनुसूचित जनजाति के लिए 12 हजार 500 रुपये निर्धारित है।
प्रत्याशी की उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए। भारत का नागरिक होना चाहिए। संसद की तरफ से निर्धारित विधि के अनुरूप होना चाहिए। रविवार को सिविल लाइंस पुलिस के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों ने बैरिकेडिंग का जायजा लिया। बताया गया कि नामांकन के समय परिसर में अनाधिकृत वाहनों को प्रवेश की इजाजत नहीं होगी।