कुंदरकी उपचुनाव: बसपा के मैदान में उतरने से बदलेंगे दलों के समीकरण, भाजपा और सपा में टिकट को लेकर दौड़
यूपी में विधानसभा उपचुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर भी दावेदारों की दिल्ली से लेकर लखनऊ तक की दौड़ शुरू हो गई है। इस सीट पर चुनाव जीतने वाले सपा विधायक जियाउर्रहमान बर्क अब संभल लोकसभा सीट से सांसद चुने गए हैं। इसके बाद यह सीट रिक्त हो गई है।
विस्तार
बसपा के उपचुनाव में उतरने से कुंदरकी विधानसभा सीट के भी समीकरण बदल जाएंगे। दूसरे दलों के सियासी खेल बिगड़ सकते हैं। ऐसे में उपचुनाव में कूदने से पहले राजनीतिक दलों ने नए सिरे से तैयारियों पर मंथन शुरू कर दिया है। कुंदरकी सीट पर बसपा को आखिरी बार 2007 में जीत मिली थी।
वर्ष 2022 में कुंदरकी विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर सपा विधायक बने जियाउर्रहमान बर्क को सपा ने लोकसभा चुनाव में संभल सीट से उम्मीदवार बनाया था। चुनाव में जीत दर्ज कर जियाउर्रहमान बर्क अब विधायक से सांसद बन गए। उनके विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद कुंदरकी विधानसभा सीट पर अब उपचुनाव होना है।
हालांकि अभी उपचुनाव को लेकर कोई कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। कुंदरकी विधानसभा सीट को लेकर भाजपा ने प्रभारी तैनात कर दिए हंैं। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए दावेदारों ने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक अपनी फील्डिंग सजानी शुरू कर दी है।
वहीं सपा से टिकट के लिए 12 से अधिक लोगों ने दावेदारी भी पेश कर दी है। भाजपा और सपा की तैयारियों के बीच बसपा के भी चुनाव मैदान में उतरने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मंडल स्तर पर बसपा पदाधिकारियों ने बैठकें भी करनी शुरू कर दी हैं।
बसपा के चुनाव में उतरने के संते पर भाजपा और सपा में नए सिरे से सियासी मंथन शुरू हो गया है। वहीें बसपा दो बार कुंदरकी सीट पर जीत दर्ज कर चुकी है। पिछले चुनाव में बसपा तीसरे स्थान पर रही।
दावेदारों की नजर बसपा पर भी
भाजपा और सपा से टिकट के दावेदारों की नजर अब बसपा पर भी है। दोनों के दावेदारों ने अंदर खाने बसपा के बड़े नेताओं से भी संपर्क साधना शुरू कर दिया है। ताकि अपने दल से टिकट नहीं मिलने की स्थिति में बसपा का विकल्प आजमाया जा सके।
बसपा का दलित-मुस्लिम समीकरण बन सकता है दलों के लिए चुनौती
बसपा का दलित-मुस्लिम समीकरण दूसरे दलों के लिए चुनौती बन सकते हैं। बसपा इसकी समीकरण के दम पर कुंदरकी विधानसभा सीट पर दो बार जीत दर्ज कर चुकी है। बसपा के टिकट पर हाजी अकबर दो बार विधायक बने।
आठ जोन बनाकर बसपा ने सौंपी जिम्मेदारी
मंडलीय कार्यालय पर बृहस्पतिवार को बसपा की मंडल स्तरीय बैठक बुलाई गई, जिसमें कुंदरकी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। उपचुनाव को जीतने की रणनीति बनाई गई है। साथ ही कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र को आठ जोन में बांटकर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील आजाद और संचालन जिला महासचिव चंद्रपाल सैनी ने की। इस दौरान मुख्य अतिथि पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभारी मुनकाद अली, पूर्व सांसद गिरीश चंद्र, डॉ. रणविजय सिंह, निर्मल सिंह सागर, मुकेश, सतपाल कश्यप, रामकुमार गुलाब, संजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।
दल प्रत्याशी मत मिले
सपा जियाउर्रहमान 125792
भाजप कमल कुमार 82630
बसपा हाजी रिजवान 42742
कांग्रेस दरक्शा बेगम 1716
एआईएमआईएम मोहम्मद वारिस 14251
वर्ष दल विजयी प्रत्याशी
2022 सपा जियाउर्रहमान बर्क
2017 सपा हाजी रिजवान
2012 सपा हाजी रिजवान
2007 बसपा अकबर हुसैन
2002 सपा हाजी रिजवान
1996 बसपा अकबर हुसैन
1993 भाजपा चंद्र विजय सिंह
1991 जद अकबर हुसैन
1989 जद चंद्र विजय सिंह
1985 कांग्रेस रीना कुमारी
1980 जेपीएन एसआर अकबर हुसैन
1977 जेएनपी अकबर हुसैन
1974 कांग्रेस इंद्र मोहिनी
1969 भा क्रांति दल महीलाल
1967 निर्दलीय महीलाल