Kanwar Yatra 2024: कांवड़ यात्रा की सुरक्षा का खाका तैयार, मंदिरों की बढ़ाई चौकसी, रामपुर में बनाए कंट्रोल रूम
रामपुर में कावड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी कर ली गई है। जिलाधिकारी ने मुख्य मंदिरों की सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। इसके अलावा पूरे कांवड़ पथ पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्रावण मास की कावड़ यात्रा 22 जुलाई से शुरू होकर 19 अगस्त तक संपन्न होगी। जबकि श्रावण मास शिवरात्रि का मुख्य पर्व दो अगस्त को मनाया जाएगा। डीएम जोगिंदर सिंह ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि श्रावण मास में 22 जुलाई, 29 जुलाई, 5 अगस्त, 12 अगस्त व 19 अगस्त को पड़ने वाले प्रत्येक सोमवार को रामपुर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक होगा। जिसमें रठौंडा, भमरौआ, पंजाबनगर के शिव मंदिरों उसके आसपास श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त होंगी।
इसके अलावा प्राचीन शिव मंदिर लक्खीबाग थाना क्षेत्र शाहबाद, शिवमंदिर ग्राम चंदेला थाना क्षेत्र बिलासुपर, बालेश्वर मन्दिर गांव बादली थाना टांडा व गांव डिलारी स्थित शिव मंदिर थाना मिलकखानम में श्रावण माह के प्रत्येक सोमवार व श्रावण शिवरात्रि को जलाभिषेक के साथ पूजा अर्चना होगी।
जिसमें प्रत्येक सोमवार को हजारों शिवभक्तों द्वारा कांवड़ बृजघाट, गढ़मुक्तेश्वर, राजघाट व हरिद्वार से पद यात्रा कर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक होगा। जिसमें कोसी पुल, सीआरपीएफ चुंगी, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, ज्वालानगर, अजीतपुर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ उचित प्रबंध होंगे।
मुख्य मंदिरों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती
डीएम ने बताया कि श्रावण मास के प्रत्येक रविवार व सोमवार में मजिस्ट्रेट के रूप में तहसीलदार सदर कृष्ण कुमार चौरिसया, सहयोगी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार सदर गौर विश्नोई भमरौआ मंदिर पर रहेंगे। जबकि अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कृष्णवीर सिंह, सहयोगी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार सदर देवेश पांडेय पंजाबनगर मंदिर पर रहेंगे।
खंड विकास अधिकारी मिलक धीरेंद्रपाल चौहान, सहयोगी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार मिलक अंकित अवस्थी रठौंडा मंदिर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरदायी होंगे। वहीं अवर अभियंता निर्माण खंड अनिरुद्ध कुमार को कोसी पुल से आंबेडकर पार्क तक, अवर अभियन्ता उप्र जल निगम अंकित सौरभ को आंबेडकर पार्क से ग्राम पनवड़िया तक की जिम्मेदारी दी गई है।
अवर अभियंता निर्माण खंड रविंद्र सिंह पाल को कोसी पुल से पंजाबनगर तक और अवर अभियंता उप्र जल निगम महेश प्रसाद को धमोरा चौराहे से रठौंडा मंदिर तक शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर मजिस्ट्रेट नगर क्षेत्र में कानून व शांति व्यवस्था के प्रभारी होंगे। अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) पूरे जिले की कानून व शांति व्यवस्था के प्रभारी रहेंगे।
24 घंटे डॉक्टरों की टीम रहेगी मौजूद
मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा श्रावण माह के प्रत्येक रविवार व सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवडियों व श्रद्धालुओं की भीड़ के लिए डॉक्टरों की टीम के साथ एम्बुलेंस आंबेडकर पार्क थाना सिविल लाइन पर 24 घंटे उपलब्ध कराई जाएगी। प्रमुख शिवमंदिरों पंजाबनगर, भमरौआ, रठौंडा में अस्थायी स्वास्थ्य कैम्प लगेगा।
बनाएं गए कंट्रोल रूम
जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम रहेगा। जिसका दूरभाष नंंबर 9068302632, 0595-2350404 वं व्हाट्सएप नंबर-9045299525 है। अवर अभियंता प्रांतीय खंड मोहम्मद आरिफ की ड्यूटी कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों की समस्याओं के निस्तारण के लिए लगाई गई है।