मुरादाबाद। लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित की जा रही बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शुक्रवार को मुरादाबाद में 30 केंद्रों पर होगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए दस हजार 520 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। गुरुवार को सभी केंद्रों पर सीटिंग प्लान और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई।
सुबह की पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से पांच बजे तक होगी। गुरुवार को सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की कक्ष निरीक्षक, केंद्र अध्यक्ष और सहायक केंद्र अध्यक्षों के साथ बैठक की गई। पर्यवेक्षकों ने कक्ष निरीक्षकों को स्पष्ट आदेश दिए कि वह ड्यूटी के समय अपना फोन लेकर नहीं आएंगे। कोरोना संक्रमण के प्रोटोकॉल के तहत गुरुवार को केंद्रों पर तैयारियां की गईं। हिंदू कालेज के सह प्रभारी डॉ. संजय कुमार रस्तोगी ने बताया कि सैनिटाइजेशन के अलावा सीटिंग प्लान की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को संक्रमण की आशंका से दूर रखने के लिए एक कक्ष में क्षमता के 50 फीसदी के हिसाब से सीटिंग प्लान किया गया है, ताकि अभ्यर्थियों के बीच में शारीरिक दूरी बने रहे। केंद्रों पर सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। जो केंद्र बड़े हैं और परिसर में पर्याप्त जगह है तो वह परिसर में एक घंटे से पहले प्रवेश दे सकते हैं। नकल विहीन परीक्षा के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी रहेगी। इसके के अलावा जिला प्रशासन भी चौकन्ना है। केंद्रों पर सचलदल भी निरीक्षण करेगा।