IPL 2024: पीयूष और मोहसिन कमाल दिखाने को तैयार, चावला बोले- पर्पल कैप मुरादाबाद लाने के लिए पूरी कोशिश
आईपीएल में मुरादाबाद के दो खिलाड़ी अपना कमाल दिखाने के लिए तैयार हैं। पीयूष चावला और मोहसिन खान ने बताया कि वह बेहतर करने के लिए लगातार तैयारी कर रहे हैं। चावला ने कहा कि इस बार पर्पल कैप फिर मुरादाबाद पहुंचे इसके लिए वह पूरी तैयारी कर रहे हैं।
विस्तार
आईपीएल 2024 का आगाज हो चुका है। मुरादाबाद के क्रिकेट सितारे पीयूष चावला और मोहसिन खान एक बार फिर अपना कमाल दिखाने को तैयार हैं। पीयूष ने अमर उजाला से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पिछली बार शमी ने शानदार गेंदबाजी की।
इस बार मैं पूरी कोशिश करूंगा कि पर्पल कैप मुरादाबाद के लिए लेकर आऊं। अभ्यास सत्र में मेहनत को दोगुना कर दिया है। कोशिश है कि अपनी टीम के लिए इस बार पहले से भी ज्यादा कारगर रहूं। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा बड़ा हो रहा है, जब वो मुझे अच्छा खेलते हुए देखता है तो उसकी खुशी अलग ही होती है।
हंसते हुए बोले कि बेटे के साथ मैं भी युवा हो रहा हूं और यह मैदान पर प्रदर्शन में भी चाहिए। ज्ञात हो कि पीयूष को मुंबई इंडियंस ने 50 लाख रुपये में अपने बेड़े में शामिल किया है। 2022 में कमेंट्री बॉक्स में रहने वाले चावला ने आईपीएल 2023 में फिरकी से कमाल दिखाया था।
वह सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाजों में तीसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने मुंबई के लिए 16 मैचों में 22 विकेट झटके थे। अब एक बार फिर वह इंडिया का त्योहार कहे जाने वाले आईपीएल में अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं।
पीयूष ने पिछले साल भी कहा था कि उनका सात साल का बेटा आद्विक क्रिकेट को फॉलो करता है और खेल को समझता है। इसलिए वह खेलना चाहते थे और उसके लिए कुछ खास करना चाहते थे। पीयूष ने इसे साबित भी कर दिखाया था।
पीयूष ने कहा कि उनका बेटा मैच के तुरंत बात उनके खेल का रिव्यू करता है। इस बार अभ्यास सत्र के दौरान उन्होंने बेटे को काफी समय अपने साथ ही रखा।
2023 में शमी के सिर सजा था पर्पल कैप
2023 में अमरोहा के गांव सहसपुर अलीनगर निवासी मोहम्मद शमी ने गुजरात की ओर से खेलते हुए कमाल की गेंदबाजी की थी। उन्होंने 17 मैचों में 28 विकेट लेकर पर्पल कैप पाया था। खेल प्रेमियों ने इसे मुरादाबाद मंडल के लिए गौरव का विषय बताया था।
इस बार स्वास्थ्य कारणों से शमी आईपीएल में नहीं खेल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में एड़ी की सर्जरी कराई है। विश्व कप में शानदार गेंदबाजी के बाद वह मैदान में नजर नहीं आए हैं। खेल प्रेमियों को जल्द उनके मैदान में वापसी करने की उम्मीद है।
हर दिन नया सीखने की कोशिश कर रहा हूं : मोहसिन
मुरादाबाद के मीडियम पेसर मोहसिन खान इस बार भी लखनऊ सुपरजायंट्स टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यास सत्र के दौरान हर दिन कुछ नया सीखने की कोशिश की है। कोशिश रहेगी कि इसे मैदान पर प्रदर्शन में उतार पाऊं।
मोहसिन ने पिछले साल आईपीएल में बेहतरीन गेंदबाजी की थी। मुंबई के खिलाफ खेला गया वह मैच आज भी सबको याद है जिसमें उन्होंने अंतिम ओवर में 11 रन नहीं बनने दिए थे। मोहिसन ने कहा कि आईपीएल से पहले दक्षिण अफ्रीका में मोर्ने मोर्केल के साथ विशेष ट्रेनिंग की है।