महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विवादित बोल, कहा- पाकिस्तान से भी प्रत्याशी आकर लड़े उसे जिताएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलवामा में आतंकी हमले में 40 जवानों की शहादत से पूरे देश में जहां लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश फूट रहा है, वहीं महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने विवादित बयान देकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को ही असहज कर दिया। कांग्रेस गठबंधन में शामिल होने पर आयोजित आभार रैली में केशव देव मौर्य ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए महान दल के कार्यकर्ता सिर्फ पंजे का निशान देखेंगे। कांग्रेस का प्रत्याशी बाहर का हो या अंदर। अच्छा हो या बुरा। नहीं देखा जाएगा। भले ही पाकिस्तान से आकर लड़े, महान दल के कार्यकर्ता एकजुट होकर उसे वोट देकर जिताएंगे।
मुरादाबाद रामलीला मैदान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर एवं पूर्व कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य का विवादित बयान सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं में है। महान दल 2009 और 2014 के चुनाव में कांग्रेस गठबंधन में शामिल रहा है। 2019 के चुनाव में भी कांग्रेस के साथ है। चुनावी गठबंधन के बाद महान दल की ओर से ही रविवार को आभार रैली आयोजित की थी। इसमें केशव देव मौर्य ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी में सपा और बसपा का गठबंधन भी भाजपा के इशारों पर हुआ है। गठबंधन के पर्दे के पीछे भाजपा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी सपा एवं बसपा के गठबंधन में शामिल होना चाहती थी, लेकिन उसे किनारा कर दिया गया।
यदि कांग्रेस भी गठबंधन में शामिल हो जाती तो भाजपा का यूपी से सफाया हो जाता। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस खेल को महान दल और कांग्रेस बेनकाब करेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा और भाजपा के शासन में पिछड़ों की उपेक्षा हुई। यूपी में 14 फीसदी पिछड़ा वोटर है, जो महान दल के साथ खड़ा है। उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर महान दल तन, मन और धन से कांग्रेस प्रत्याशियों को लड़ाएगा। केशव देव ने कहा कि गठबंधन में उनके खाते में सीट आई तो प्रत्याशी उतारेंगे, नहीं तो भाजपा के सफाया करने के लिए कांग्रेस को लड़ाएंगे। उन्होंने कहा कि महान दल के कार्यकर्ता मुरादाबाद सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी का चेहरा नहीं बल्कि हाथ का पंजा देखकर वोट देंगे। प्रत्याशी भले पाकिस्तान का ही क्यों न हो। मौर्य के विवादित बयान से मंच पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और दूसरे नेताओं से लेकर पंडाल में बैठे लोगों के चेहरे उतर गए।