गंगा एक्सप्रेसवे हादसा: कश्मीर घूम लखनऊ लौट रहा था परिवार, झपकी से डिवाइडर में घुसी कार, इस वजह से गई तीन जान
जम्मू-कश्मीर घूमकर लौट रहे लखनऊ के परिवार की स्कॉर्पियो अमरोहा के सैदनगली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकरा गई। प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ। दुर्घटना में चमड़ा कारोबारी अबूवकर (40), उनकी भाभी हिना (28) और भांजी जुनैरा (15) की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर घूमकर घर लौट रहे लखनऊ के परिवार की स्कॉर्पियो गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर में जा चुकी। नींद की झपकी के कारण हुए इस हादसे में लखनऊ निवासी चमड़ा कारोबारी अबूवकर (40), अबूवकर की भाभी हिना (28) और भांजी जुनैरा (15) की मौत हो गई। चमड़ा कारोबारी की पत्नी, भाई समेत परिवार के आठ लोग घायल हो गए।
इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के वक्त अबूवकर खुद की गाड़ी चला रहे थे। हादसाग्रस्त गाड़ी के पीछे चल रही कार में सवार तौकीर ने बतौर प्रत्यक्षदर्शी बताया कि हादसा बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे हुआ। उनका कहना है कि आगे चल रही स्क्रॉर्पियो के अचानक अनियंत्रित होकर डिवाडर में घुसने से साफ है कि चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ है।
हादसे के एक घायल ने भी पुलिस को दिए बयान में ड्राइविंग के दौरान झपकी को कारण बताया है। घायलों में शामिल अबुवकर के भाई उमर ने बताया कि वह और उनका परिवार लखनऊ के दुबग्गा इलाके में मोहल्ला नखास के शीरमाल वाली गली में रहते हैं। बच्चों के स्कूलों की छुट्टी में घूमने के इरादे से परिवार के अधिकांश सदस्य दो गाड़ियों से पहली जून को जम्मू-कश्मीर गए थे।
मंगलवार रात लखनऊ वापसी का सफर शुरू किया था। बुधवार सुबह स्कॉर्पियो का हादसा हो गया। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि यह हादसा अमरोहा के थाना सैदनगली क्षेत्र में हुआ लेकिन नजदीकी के कारण संभल के कैलादेवी थाने की पुलिस तत्काल पहुंच गई। पीड़ितों को बिना देरी उपचार दिलाने के लिए संभल अस्पताल में लाया गया।
घायलों में अबुवकर अबुवकर की पत्नी कुलसुम (38), अबुवकर के भाई मोहम्मद उमर (32), भांजी सिदरा (14), भांजी हनिया (02), मृतक हिना के बच्चे मोहम्मद (04) और अफ्फान (10) शामिल हैं। इसके अलावा अफीफा (07), हामना (10) भी घायल हुए हैं, जिनका हताहतों से रिश्ता स्पष्ट नहीं हो सका है।
हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है, जिनमें स्कॉर्पियो चलाने वाले भी शामिल हैं। चालक की झपकी के चलते हादसा बताया गया है। पुलिस घायलों के उपचार में सहयोग के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। -कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल