Moradabad: बोगस फर्म पर हरियाणा भेजी जा रही थी लकड़ियां, चार ट्रक पकड़े, छह लाख का जुर्माना लगाया
राज्य कर विभाग ने लकड़ियों से भरे चार ट्रक को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि कारोबारियों ने इसकी खरीद बोगस फर्म से की है। इसके बाद सभी पर करीब छह लाख का जुर्माना लगाया गया है।
विस्तार
राज्य कर विभाग ने लकड़ियों से भरा चार ट्रक को पकड़ लिया। कारोबारियों ने लकड़ियों की खरीद बोगस फर्म से की थी। विभाग ने काराेबारियों पर 5.59 लाख का जुर्माना लगाया। कारोबारियों ने तत्काल जुर्माना जमा कर दिया। अपर आयुक्त ग्रेड-1 अशोक कुमार सिह को सूचना मिली थी कि बगैर कागजात कुछ ट्रक हाईवे से गुजर रहे हैं।
सूचना के आधार पर मोबाइल दस्ते की टीम ने उमरी कला में चेकिंग के दौरान लकड़ियों से भरे तीन ट्रक रोक लिए। पूछताछ के दौरान ट्रक चालकों ने बताया कि लकड़ियां मुरादाबाद से हरियाणा भेजी जा रही हैं। इस मामले में अपर आयुक्त ग्रेड-2 आरए सेठ और संयुक्त आयुक्त एसपी तिवारी ने जांच कराई।
जांच से पता चला है कि जीएसटी चोरी करने के लिए कारोबारियों ने बोगस फर्मों से लकड़ियों की खरीद की थी। इसके बाद कारोबारियों ने तत्काल 4.39 लाख रुपये जुर्माना जमा कर दिए। वहीं रामपुर में लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़ा गया। जांच से पता चला कि लकड़ियों को हरियाणा भेजा जा रही था।
उसके बिल पर पता गलत दर्ज किया गया था। इस मामले में कारोबारी ने 1.20 लाख जुर्माना जमा किया। अपर आयुक्त ग्रेड-2 ने बताया कि लकड़ी की बोगस फर्मों के खिलाफ अभियान जारी है। मंडल की कई बोगस फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई है। अधिकतर बोगस फर्में सीजीएसटी की बताई जा रही हैं।
बगैर कागजात अहमदाबाद से भेजे जा रहे थे सबमर्सिबल पंप
गुजरात प्रांत के अहमदाबाद से बगैर कागजात सबमर्सिबल से लदा ट्रक बहजोई (संभल) भेजा जा रहा था। इस बीच राज्य कर की टीम ने उसे गुन्नौर में जांच करने के लिए रोक लिया। चालक के पास सबमर्सिबल पंप के कोई कागजात मौजूद नहीं थे। अपर आयुक्त ग्रेड-1 अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की गई। जांच के बाद टीम ने व्यवसायी पर 21.62 लाख का जुर्माना लगाया।