मुरादाबाद में चार की मौत: सड़क का मोड़ नहीं..सिस्टम अंधा, व्यवस्था की कमी से एक परिवार के लोगों ने गंवाई जान
मुरादाबाद में सरकारी लापरवाही ने देहरादून निवासी एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। कांठ रोड पर हुए भीषण हादसे में दो लोग जख्मी भी हो गए। पुलिस ने हादसे का कारण चालक को नींद आना बताया लेकिन सरकारी सिस्टम की लापरवाही भी सामने आ रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद रोड पर रसूलपुर गुर्जर रेलवे क्रॉसिंग से पहले तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गहरे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे यूनिपोल से टकरा गई। रफ्तार ज्यादा होने से टकराने के बाद गाड़ी सड़क किनारे खाई में जा पलटी। इस हादसे में कार चला रहे देहरादून निवासी सराफा कारोबारी अतुल रस्तोगी की मां आरती रस्तोगी (45), बहन अंशिका रस्तोगी (20) की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा बुआ संगीता रस्तोगी (42), बुआ के बेटे यश रस्तोगी (22) की भी जान चली गई। अतुल (25) और यश की बहन मानवी रस्तोगी (18) गंभीर रूप से घायल हैं। ये सभी रिश्तेदारों से मिलने बदायूं के इस्लामनगर जा रहे थे। जहां पर हादसा हुआ उस जगह पीडब्ल्यूडी ने मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग स्थित रसूलपुर गुर्जर के अंधे मोड़ पर एक भी संकेतक भी हीं लगाया है।
सिस्टम की इस लापरवाही ने चार जानें ले लीं। स्कार्पियो चला रहे व्यवसायी अतुल रस्तोगी को तेज रफ्तार के बीच मोड़ की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और स्कार्पियो यूनिपोल से टकरा गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने जिले में ब्लैक स्पॉट को लेकर सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में कई बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को हिदायत दी थी। इसके बावजूद ब्लैक स्पॉट पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सके। हरिद्वार-मुरादाबाद मार्ग पर संकेतक नहीं लगने के कारण मोड़ खतरनाक बन गया है।
पहले मोड़ पर संकेतक लगा होता तो ऐसी दुर्घटना रोकी जा सकती थी। यहां संकेतक के साथ गति सीमा का भी बोर्ड लगाया जाना चाहिए। घायल व्यवसायी अतुल रस्तोगी ने बताया कि वह पहली बार स्कार्पियो नहीं चला रहे थे। रात में कई बार गाड़ी चलाई है। अचानक मोड़ सामने आने पर गाड़ी मुड़ने की जगह सीधे यूनिपोल से टकराकर खाई में पलट गई।
कांठ में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर रसूलपुर गुर्जर रेलवे क्रॉसिंग से पहले दोनों तरफ कई बड़े-बड़े मोड़ हैं। इनमें एक मोड़ मुरादाबाद की तरफ मार्ग पर पड़ता है। दूसरा मोड़ कांठ की तरफ है। रात में अंधेरा होने पर चालकों को दूर से ये मोड़ दिखाई नहीं देते हैं।
इन दोनों मोड़ पर अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन रविवार सुबह करीब पांच जो हादसा हुआ है, ऐसा बड़ा हादसा पहले कभी नहीं हुआ था। करीब दो वर्ष पहले भी इसी मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेल क्रॉसिंग के ओवरगेज पर चढ़ गई थी।
वहीं करीब पांच साल पहले भी यहां पर एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। इसके अलावा इस मोड़ पर अक्सर छोटे-छोटे हादसे होते रहते हैं। रेलवे क्राॅसिंग का एक संकेतक है लेकिन वह काफी समय से झुका हुआ पड़ा है। उसे भी रेलवे ने दुरुस्त नहीं कराया है।
मोड़ पर गति अवरोधक भी नहीं
रसूलपुर गुर्जर रेलवे के पास मोड़ पर दोनों ओर कोई गति अवरोधक या संकेतक नहीं लगा है। एक गति अवरोधक लगा भी है, तो वह काफी समय पहले किसी वाहन की टक्कर से नीचे झुक गया था, जिसे जिम्मेदारों ने आज तक सही नहीं कराया है। इसके अलावा क्रॉसिंग या मोड़ के पास कोई भी गति अवरोधक या चिह्न नहीं है।
छुट्टी मनाने आ रहा था परिवार
रविवार की सुबह कांठ में कार सवार जिन लोगों की हादसे में मौत हुई है। उनमें घायल अतुल रस्तोगी और यश रस्तोगी की देहरादून में सराफा की दो दुकानें हैं। यह परिवार जगदीश पहलवान का है। जानकारी के अनुसार रविवार को देहरादून का बाजार बंद रहता है।
दुकानें बंद होने के कारण अतुल रस्तोगी अपने और बुआ के परिवार के साथ छुट्टी मनाने के लिए इस्लामनगर (बदायूं) जा रहे थे। इस्लामनगर में अतुल की बुआ संगीता की ससुराल है। इस परिवार की मुरादाबाद के मुगलपुरा स्थित राजू रस्तोगी के घर भी रिश्तेदारी है।
कार की टक्कर से नीचे गिरा यूनिपोल
मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर रविवार सुबह रेलवे क्रॉसिंग से पहले मोड़ पर अनियंत्रित होने के बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो जिस यूनिपोल से टकराई थी, वह यूनिपोल भी तेज टक्कर के कारण नीचे गिर गया। लोगों का मानना है कि यदि यहां पर यूनिपोल नहीं होता तो कार रफ्तार तेज होने के कारण रेल लाइन को पार करने के बाद दूसरी ओर भी जाकर गिर सकती थी।
अवैध यूनिपोल दे रहे हादसों को दावत
कांठ क्षेत्र में सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में अवैध ढंग से यूनिपोल लगाए गए हैं। इन यूनिपोल पर कंपनियों और अन्य व्यवसायिक प्रचार के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जाते हैं। ये यूनिपोल जहां हादसों को न्योता दे रहे हैं। वहीं अतिक्रमण और अव्यवस्था का कारण भी बन रहे हैं।
कांठ नगर क्षेत्र के साथ ही नगर पंचायत उमरी कलां, छजलैट, मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग, कांठ-अमरोहा मार्ग, कांवड़ पथ मार्ग आदि कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी कंपनियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रचार के लिए सड़कों के किनारे यूनिपोल लगाए गए हैं।
सड़कों के किनारे लगे इन यूनिपलों की लंबाई और चौड़ाई का कोई मानक नहीं है। रविवार सुबह करीब पांच बजे कांठ में रेल क्रॉसिंग 432-बी के पास मोड़ पर खड़े एक यूनिपोल से टकराई कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई और कार चालक सहित दो गंभीर घायल भी हो गए।
नगर पंचायत क्षेत्र में लगे यूनिपोल को हटवाने के लिए बायलॉज तैयार कराया जा रहा है। अभी प्रारंभिक चरण में हैं। अभी तक लगे सभी यूनिपोल अवैध हैं। इनको हटवाने के लिए उच्चाधिकारियों के आदेश का पालन कराया जाएगा। - प्रियंका, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत, कांठ