{"_id":"69de7891b373658772016a9f","slug":"five-accused-in-custody-in-case-of-murder-of-farmer-in-land-dispute-in-moradabad-2026-04-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुरादाबाद में खूनी संघर्ष: भाई-भतीजों ने किसान को मार डाला, बचाने आई पत्नी-सास पर हमला; हिरासत में पांच आरोपी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मुरादाबाद में खूनी संघर्ष: भाई-भतीजों ने किसान को मार डाला, बचाने आई पत्नी-सास पर हमला; हिरासत में पांच आरोपी
Tue, 14 Apr 2026 10:55 PM IST
Rahul Kumar Tiwari
अमर उजाला ब्यूरो, मुरादाबाद
अमर उजाला ब्यूरो, मुरादाबाद
Published by: Rahul Kumar Tiwari
Updated Tue, 14 Apr 2026 10:55 PM IST
सार
मुरादाबाद में जमीन विवाद में भाई और भतीजों ने किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पत्नी और सास को बचाने पर उन पर भी हमला किया गया। दोनों गंभीर हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जमीन विवाद में किसान की हत्या (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे जमीन के विवाद में भाई और भतीजों ने किसान सुरेश (55) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बचाने आई किसान की पत्नी अनीता (47) और सास मैना देवी (70) पर भी जानलेवा हमला किया गया। दोनों की हालत गंभीर है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह वारदात फकीरपुरा पुलिस चौकी के सामने खेत में हुई। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि सुरेश का परिवार हरथला हड्डी मिल के पास रहता है, जबकि उसके भाई विजय का परिवार सिविल लाइंस की आदर्श कॉलोनी में रहता है। दोनों भाइयों के बीच दस बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह जमीन विजय और सुरेश के नाना सैमुअल की थी, जिसे उन्होंने अपने दामाद रामपाल को दे दी थी।
विज्ञापन
रामपाल ने अपने बेटों सुरेश और विजय के बीच जमीन का बंटवारा कर दिया था, लेकिन विजय अपने भाई सुरेश की जमीन पर भी कब्जा करना चाहता था। मंगलवार शाम सुरेश अपनी पत्नी अनीता और सास मैना देवी के साथ खेत में गेहूं की फसल काट रहे थे। इसी दौरान विजय अपने बेटों रंजीत और सुरजीत, पत्नी मंजू और एक रिश्तेदार के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर खेत पर पहुंचा और सुरेश पर हमला कर दिया।
विज्ञापन
सुरेश को बचाने आई उसकी पत्नी अनीता और सास मैना देवी पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर अनीता और मैना देवी को रेफर कर कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।