Moradabad IPL Case: पहले लगवाया सट्टा.. फिर धमकाकर वसूले दो करोड़ रुपये, एक और कारोबारी ने दर्ज कराई शिकायत
मुरादाबाद में आईपीएल सट्टा गिरोह के झांसे में आकर एक और व्यापारी ने दो करोड़ रुपये गंवाने की शिकायत पुलिस से की है। व्यापारी का आरोप है कि सट्टे में रकम दोगुनी कराने का झांसा देकर गिरोह ने रुपये वसूले। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच फरार आरोपियों पर रंगदारी की धारा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
विस्तार
मुरादाबाद में आईपीएल सट्टा खिलाने वाले गिरोह के चंगुल में फंसकर दो करोड़ रुपये गंवाने वाले एक और व्यापारी ने शिकायत की है। शनिवार को उसने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर गिरोह के फरार पांच आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित कहना है कि पहले उससे आईपीएल में रकम दोगुनी कराने का झांसा देकर सट्टा लगवाया।
जब वह हार गया तो उससे दो करोड़ रुपये वसूल लिए। पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस पांच और आरोपियों पर रंगदारी वसूलने की धारा बढ़ाएगी। पुलिस ने 12 अप्रैल की रात सिविल लाइंस क्षेत्र में कौशल कपूर के फ्लैट में छापा मारकर आईपीएल मैचों में सट्टा लगवाने वाले गिरोह के नौ सदस्य सुशील चौधरी, अभिनव, कौशल कपूर, विपुल, मनोज अरोरा, धर्मेंद्र कुमार, रोहित गुप्ता, हेमंत कुमार और मोहम्मद शहजादे को गिरफ्तार किया था।
दो दिन बाद पुलिस ने 10वें आरोपी साहिल गुप्ता को जेल भेज दिया था। फरार आरोपी अमित नागपाल, कमल दीप टंडन, राजदीप टंडन, मुकुल गोटेवाला, आशु रस्तोगी, विशाल डुडेजा, रचित रस्तोगी, सुमित उर्फ सन्नी सेठी, टीटू उर्फ दीपक गगनेजा, विक्की छावड़ा और कमल छावड़ा पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यापारी सिविल लाइंस थाने पहुंचकर प्रार्थनापत्र दिया है। पुलिस ने दावा किया कि व्यापारी का कहना है आईपीएल सट्टा खिलाने वाले गिरोह के सदस्य अमित नागपाल, विशाल डुडेजा, कमलजीत टंडन, राजदीप टंडन, मुकुल गोटेवाले ने आईपीएल मैच में रकम दोगुनी कराने का झांसा देकर सट्टा लगवाया।
इसके बाद आरोपी उससे दो करोड़ रुपये वसूल चुके हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शिकायतीपत्र मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों पर रंगदारी वसूलने की धारा बढ़ाई जाएगी।
आईपीएल में सट्टा: मुरादाबाद में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष समेत नौ पकड़े, 12 साल से कई जिलों में चला रहे थे गैंग
इन पर पहले बढ़ाई जा चुकी है रंगदारी वसूलने की धारा
कोतवाली के जीएमडी रोड जवाहर मार्केट निवासी कौशल कपूर, कोतवाली में आबकारी विभाग के कार्यालय के सामने रहने वाले विपुल जुआल, नागफनी के कमल सिनेमा के पास रहने वाले शहजादे सलीम, सिविल लाइंस के दीन दयाल नगर निवासी सुशील चौधरी और साहिल गुप्ता के खिलाफ रंगदारी वसूलने की धारा पहले ही बढ़ा चुकी है। पुलिस ने छापे के दौरान कौशल कपूर के फ्लैट से मिले रजिस्ट्री के दस्तावेज के आधार और पीड़ितों के बयान के आधार पर धाराएं बढ़ाई थीं।
पीड़ित दंपती की शिकायत पर नहीं हो रही सुनवाई
सिविल लाइंस क्षेत्र के दीनदयाल नगर में रहने वाले सराफ और उसकी पत्नी ने पुलिस अफसरों को प्रार्थनापत्र देकर गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस आइपीएल सट्टा खिलाने वालों पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन हमारे मामले में अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। 18 अप्रैल से पीड़ित थाने और चौकी के चक्कर लगा रहे हैं।
अभी तक केस दर्ज नहीं हुआ है। सराफ का कहना है कि उसकी मंडी चौक में दुकान है। मुगलपुरा क्षेत्र में रहने वाले एक सराफ ने उससे एमसीएक्स में सट्टा लगवाया। इसके बाद आरोपी ने लाखों रुपये की कीमत का सोना अपने पास रख लिया। इसके अलावा लाखों रुपये नकद भी वसूल लिए। सराफ का कहना है कि आरोपी ने उससे चेक ले लिए थे।
पीड़ित कहना है कि आईपीएल सट्टा खिलाने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की तो उसने और उसकी पत्नी ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया। प्रार्थनापत्र दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़ित का कहना है कि अब आरोपी उसके चेकों को ही हथियार बनाकर उसके ही खिलाफ कार्रवाई करने की साजिश रचने लगा है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।