कांठ (मुरादाबाद)। शादी समारोह में शामिल होने के लिए पैदल जा रहे किसान को उमरी कलां चौराहा के पास तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही किसान के परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक, छजलैट थाना क्षेत्र के गांव दाड़ी महमूदपुर निवासी जगदीश सिंह (65) पुत्र टेका सिंह गुरुवार को कांठ के पास स्थित तिगरी में अपनी रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पैदल उमरी कलां चौराहा आ रहे थे। वह यहां से किसी वाहन में बैठकर शादी में शामिल होने के लिए जाते। जब वह उमरी कलां चौराहा के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार जगदीश सिंह को रौंदते हुए फरार हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। इतने कोई कुछ कर पाता जगदीश सिंह की मौत हो गई। सूचना मिलते पर पास में ही स्थित कांठ थाने की डेहरा चौकी पुलिस और मृतक किसान के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उनकी मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी माया देवी का तो रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बेटे सहीपाल सिंह की तहरीर पर हादसे के आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।