Moradabad: फल विक्रेता को अगवा कर मार डाला, मझोला थाने के सामने फेंक दिया शव, पुलिस बोली-हादसे में गई जान
परिजनों ने बताया कि जोनू की रंजिश के चलते हत्या कर दी गई। पुलिस ने उन्हें गुमराह करने के लिए उसकी मौत का कारण सड़क हादसा बताया। इससे गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। हंगामा बढ़ने के बाद मौके पर आसपास के थाने-चौकियों के फोर्स को भी बुलाया गया।
विस्तार
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के लाइन पार निवासी फल विक्रेता जोनू सैनी (20) को अगवा कर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। हत्यारोपी उसकी लाश को मझोला थाने के सामने एक निजी स्कूल के पीछे खेत में फेंक दिया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार दोपहर तीन बजे गुस्साए परिजनों ने मंडी समिति गेट के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
उन्होंने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। हत्यारोपी पिता-पुत्र समेत सात नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज होने पर परिजन शव लेकर चले गए। लाइनपार प्राइमरी स्कूल के पीछे चामुंडा मंदिर निवासी मोनू सैनी ने बताया कि उसका छोटा भाई जोनू सैनी का दो दिन पहले लाइनपार निवासी हरिराज सैनी से विवाद हो गया था।
जिसे लेकर हरिराज और उसके बेटे जोनू से रंजिश रखने लगे। 24 अक्तूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे जोनू अपने साथी सचिन के साथ सुपर बाजार मोबाइल ठीक करने गया था। जहां आरोपियों ने उसे घेर लिया और बाइक पर बैठा कर लाइनपार छात्रावास के पास ले आए। यहां आरोपियों ने जोनू की हत्या कर दी।
इसके बाद लाश मझोला थाने के सामने खेत में फेंक दी। मोनू का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि मझोला क्षेत्र में एक लाश मिली है। मंगलवार देर रात थाने गए तो पता चला कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर मृतक की पहचान जोनू के रूप में की।
उन्हें पुलिस की ओर से बताया गया था कि जोनू का एक्सीडेंट हुआ है। पुलिस ने भी गुमराह किया है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे जोनू के परिजन, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके अलावा हत्या का केस दर्ज कराने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर और कोतवाली सीओ देश दीपक सिंह कई थानों की फोर्स के साथ आ गए और उन्होंने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद पुलिस जाम खुलवा सकी।
हरिराज और उसके तीन बेटों समेत सात नामजद और चार अज्ञात पर केस
सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि मृतक के भाई मोनू सैनी की तहरीर पर हरिराज सैनी, उसके अर्जुन, सचिन, विपिन और मुकेश डीजे वाला, जतिन, सुभाष और अज्ञात के खिलाफ 147, 302, 34 और 201 में केस दर्ज किया गया है। हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।