Moradabad News: खुशहालपुर मेें नकली शराब की फैक्टरी पकड़ी, सात गिरफ्तार
मुरादाबाद एसओजी और मझोला थाने की पुलिस ने खुशहालपुर में सात लोगों को गिरफ्तार कर नकली शराब की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 20 लाख की कीमत की शराब बरामद की है। छानबीन से पता चला कि गिरफ्तार आरोपी फर्जी बार कोड और नकली सील एवं टैग लगाकर शराब की बोतल तैयार करते थे।
एसएसपी हेमराज मीना ने पुलिस लाइन में बताया कि मझोला थाने की पुलिस और एसओजी टीम रविवार को आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए व्हाइट हाउस चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। शक होने पर पुलिस ने एक स्कूटी सवार को रोका।
पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे घेर कर पकड़ लिया। स्कूटी में एक पेटी शराब रखी थी। पूछताछ से पता चला कि स्कूटी सवार संभल जिले के सिंहपुर साहनी निवासी मुनाजिर उर्फ साहिल है। पुलिस ने यूपी एक्साइज एप की सहायता से बोतल के बार कोड को स्कैन किया लेकिन स्कैन नहीं हो रहा था।
शक होने पर आरोपी मुनाजिर उर्फ साहिल से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि पैसों के लालच में आकर वह खुशहालपुर में अपने साथियों के साथ मिलकर रविंद्र के मकान में किराये का कमरा लेकर मिलावटी शराब बनाकर बेचता है।
पुलिस ने आरोपी मुनाजिर की निशानदेही पर खुशहालपुर में छापा मारा। पुलिस ने मौके से छह लोगों को धर दबोचा लेकिन चार लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने कमरे से 76 बोतल , 64 हाफ सहित अन्य कंपनियों की शराब, तीन लाख चालीस हजार सील लगाने वाले ढक्कन, दो लाख बारह हजार बार कोड, एक प्लास्टिक ड्रम, पांच लीटर अल्कोहल, तीन जरीकेन, दो मग, प्लास्टिक की बाल्टी, दो बोतलों में द्रव सहित अन्य सामान बरामद किया।
ऐसे बनाई जाती थी नकली शराब
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी मुनाजिर ने बताया कि वे कंपनी में तैयार होने वाले अल्कोहल को फर्जी तरीके से खरीदकर मिश्रित शराब बनाते थे। इस मामले में जगदीश और रामसिंह दोनों भाई को अल्कोहल लाने की जिम्मेदारी थी। संजय और उसका भतीजा प्रवेंद्र बोतलों पर लगने वाले ढक्कन, बार कोड, सील लगाने का कार्य करते थे।
जावेद व फैजान खाली बोतल की व्यवस्था करते थे। गिरोह के कुछ साथी इस शराब को अपने निश्चित ठिकानों से मांग के अनुसार शराब की बिक्री करते थे। नामी कंपनियों का टैग होने के कारण शराब आसानी से बिक जाती थी।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी संभल जिले के सिंहपुर साहनी निवासी मुनाजिर उर्फ साहिल, बिजनौर जिले के ख्वाजा अहमदपुर जलाल निवासी संजय कुमार, रामनगर नूरपुर निवासी परवेंद्र, मुरादाबाद जिले के मालतीनगर डिप्टीगंज निवासी तरूण सैनी, निवाड़खास निवासी राम सिंह, डेहरवाली मस्जिद असालतपुर निवासी फैजुर्रहमान उर्फ फैजान, पीर का बाजार करूला निवासी मोहम्मद जावेद शामिल है। गिरफ्तार फजलुरहमान और राम सिंह पर चार चार केस पहले से दर्ज हैं।