जोश..जज्बा और उमंग: मुरादाबाद में दौड़ प्रतियोगिता, स्वास्थ्य जागरूकता की अनूठी पहल, जीते तो खिले चेहरे
मुरादाबाद में एमडीए और अमर उजाला ने मैराथन का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विजेताओं को पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विस्तार
नया मुरादाबाद में शनिवार की सुबह सड़कों पर कुछ अलग ही नजारा था। सूरज की पहली किरण के साथ सैकड़ों युवाओं का जोश हिलोरे मार रहा था। मौका था अमर उजाला और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) की ओर से आयोजित ‘प्रगमन मैराथन’ का। जिसने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की नई मिसाल कायम की।
सुबह छह बजे शुरू हुई इस छह किलोमीटर की दौड़ में युवक-युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शहर को सेहतमंद जीवन का संदेश दिया।मैराथन का आगाज दिल्ली रोड स्थित नया मुरादाबाद के एमडीए कार्यालय से हुआ। जहां मुख्य अतिथि मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह और उप महानिरीक्षक मुनिराज जी ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया।
इस मौके पर एमडीए उपाध्यक्ष शैलेष कुमार, एडीएम (प्रशासन) गुलाब चंद, एसपी (देहात) आकाश सिंह, एसडीएम डॉ. राममोहन मीणा, एमडीए सचिव अंजूलता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने कहा, यह दौड़ सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि मुरादाबाद में स्वास्थ्य और एकता का उत्सव है।
सुबह की सर्द हवा में दौड़ते पैरों की थाप ने शहर को एक नई ऊर्जा से भर दिया। दौड़ एमडीए कार्यालय से शुरू होकर उजाला सिग्नेस ब्राइट स्टार हॉस्पिटल और हर्बल पार्क जैसे प्रमुख स्थानों से गुजरती हुई वापस एमडीए कार्यालय आकर समाप्त हुई। छह किलोमीटर की इस दौड़ स्पर्धा में करीब 300 युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया।
एमडीए वीसी शैलेष कुमार ने बताया हमारा मकसद युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। इस दौड़ से मुरादाबाद में जागरूकता की शुरुआत हुई है। दौड़ के बाद पुरस्कार वितरण समारोह ने आयोजन को और यादगार बना दिया।
पुरुष और महिला वर्ग में पहले स्थान पर आए प्रतिभागी को 10,000 रुपये, दूसरे को 7,000 रुपये, तीसरे को 5,000 रुपये, चौथे को 3,000 रुपये, पांचवें को 2,000 रुपये और छठे स्थान वाले को 1,000 रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही हर विजेता को मेडल और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।
टॉप 10 धावकों को भी प्रशस्ति पत्र मिला। पुरस्कार पाकर प्रतिभागियों के चेहरे खिल उठे। सड़क किनारे खड़े लोग तालियां बजाकर धावकों का हौसला बढ़ाते नजर आए। एक प्रतिभागी, संजय वर्मा ने कहा, यह दौड़ मेरे लिए प्रेरणा बनी। हमें अपनी सेहत पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, एक स्थानीय निवासी ने इसे शहर की शान बताया।
एमडीए वीसी शैलेष कुमार ने कहा कि यह आयोजन स्वास्थ्य के साथ-साथ मुरादाबाद के विकास की दिशा में एक कदम है। हम आगे भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित करेंगे, ताकि शहर में जागरूकता और उत्साह बना रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.