मुरादाबाद। शासन की सख्ती के बाद शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम, प्रवर्तन दल और समन्वय अधिकारी महाप्रबंधक (जल) ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसमें सांई अस्पताल से लेकर गांगन तिराहा तक सड़क के दोनों ओर आठ पक्के और 22 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इसके अलावा दोनों ओर 25 लोगों को सोमवार तक स्थायी अतिक्रमण स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई।
स्थायी अतिक्रमण करने वालों से कहा गया कि यदि सोमवार तक ये अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो मंगलवार को नगर निगम इन्हें हटा देगा। शुक्रवार को निगम की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में उथल पुथल रही। कई लोगों ने लंबे समय से सड़क किनारे दुकान चलाने की दलील दी। निगम ने शासन के आदेशों की जानकारी देते हुए उन्हें अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अभियान में सहयोग के लिए मझोला थाने के प्रभारी से पुलिस बल का सहयोग मांगा गया था लेकिन नहीं मिला। इसके बाद निगम ने प्रवर्तन दल की सहायता से अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की है। 10 ठेले जब्त किए गए हैं। इसके अलावा अतिक्रमण करने वालों से 42,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। अपर नगर आयुक्त ने लोगों से जुर्माने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से बचने के लिए अतिक्रमण स्वयं हटाने की अपील की है। अभियान के दौरान कर अधीक्षक मंगल सिंह पापड़ा, सचिन सैनी, उपेंद्र कुमार वर्मा, राजस्व निरीक्षक सतीश कुमार, यूसुफ अली, मोहित चौहान, राजस्व निरीक्षक द्वितीय अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।