बारिश का असर: आधी रह गई सब्जी की आवक, मुरादाबाद में दाम हो गए दोगुने, महंगाई से बिगड़ने लगा किचन का बजट
मुरादाबाद में लगातार हो रही बारिश के कारण सब्जी के दाम लगातार बढ़ने लगे हैं। इससे लोगों की किचन का बजट गड़बड़ा गया है। दुकानदारों के मुताबिक मांग के अनुसार कम सब्जियां आने से यह परेशानी हो रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद में बारिश के कारण मंडी समिति में सब्जी की आवक आम दिनों की अपेक्षा घटकर करीब आधी रह गई है। इसके कारण सब्जी के दाम बढ़ गए हैं। मंडी समिति से थोक में खरीद कर फुटकर व्यापारी तो दो गुने तक में बेच रहे हैं। बारिश को लेकर किसान, व्यापारी तो चिंतित हैं तो सब्जी के बढ़ते दाम को लेकर आमजन भी परेशान हैं। शहर में छह दिन पहले बारिश का सिलसिला शुरू हुआ था।
जिसके बाद से ही जिले के आसपास क्षेत्रों, जिलों से लेकर नासिक, दिल्ली आदि से आने वाली सब्जियों की आवक कम होने लगी। आढ़ती विनोद शर्मा ने बताया कि बारिश में श्रमिकों का भी टोटा हो जाता है। इसके कारण सब्जी टूट नहीं पाती। बारिश में वाहनों के फंसने व पानी में अधिक समय तक भीगने से सब्जियों के खराब होने का खतरा भी रहता है।
जिसकी वजह से सब्जी की आवक मंडी में कम हुई है। मंडी निरीक्षक महादेवी ने बताया कि सामान्य दिनों में मंडी समिति में करीब आठ हजार क्विंटल सब्जियां आती हैं। लेकिन बारिश के कारण इसकी आवक लगातार कम हो रही है। शुक्रवार करीब चार हजार क्विंटल सब्जियां हीं मंडी समिति में आ सकीं। उन्होंने बताया कि बारिश से पहले मंडी समिति में लोकल की सब्जियां अधिक आ रहीं थीं, लेकिन अब नहीं आ रही हैं।
नासिक, चंदौसी, संभल, दिल्ली आदि स्थानों से सब्जियां आ रही हैं। वर्तमान में इसके दाम में भी कुछ इजाफा हुआ है। कुछ दिन पहले तक थोक में 22-25 रुपये बिकने वाला टमाटर अब 40-50 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है।
मंडी से बाहर निकलने के बाद फुटकर में यही टमाटर 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। कमोवेश अन्य सब्जियों के दाम में भी इसी तरह का इजाफा हुआ है। फुटकर सब्जी विक्रेता प्रिंस ने बताया कि अगर कुछ दिन और बारिश हुई तो सब्जी के दाम में और अधिक इजाफा हो सकता है।
सब्जी दाम (प्रतिकिलो) फुटकर दाम
टमाटर 30-40 रुपये 70-80 रुपये
प्याज 35-40 रुपये 45-50 रुपये
आलू 30-32 रुपये 35-40 रुपये
भिंडी 30 रुपये 40-50 रुपये
बैगन 40 रुपये 60 रुपये
तोरई 30 रुपये 50 रुपये
लौकी 25 रुपये 35 रुपये
शिमला मिर्च 60-70 रुपये 100-120 रुपये
बिंस की फली 100-120 रुपये 150-160 रुपये
अदरक 160 रुपये 180 रुपये
लहसुन 180 रुपये 200-220 रुपये
गोभी (देसी) 30 रुपये 55 रुपये
गोभी (पहाड़ी) 80 रुपये 110 रुपये
अरवी 40 रुपये 55 रुपये