Diwali: धनतेरस पर मुरादाबाद के बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़, 750 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद
धनतेरस पर मुरादाबाद के बाजारों में जबरदस्त रौनक रही। गंज, टाउनहॉल, जीएमडी रोड, मंडी चौक समेत सभी प्रमुख बाजार ग्राहकों से भरे रहे। व्यापारियों को इस बार 750 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। इस बार स्वदेशी उत्पादों की मांग बढ़ी है।
विस्तार
धनतेरस और दिवाली के त्योहार को लेकर मुरादाबाद के बाजार सजधज कर तैयार हैं। शनिवार सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। गंज, टाउनहॉल, जीएमडी रोड, अमरोहा गेट, मंडी चौक, बुध बाजार, लाइनपार, नवीन नगर, हरथला और मझोला में खरीदारी का सिलसिला दिनभर चलता रहा।
दुकानों और शोरूमों के बाहर अस्थायी स्टॉल और सजावटी रोशनी से पूरा शहर जगमगा उठा। इस बार त्योहार पर व्यापारियों को 750 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। दीयों के बाजार से लेकर सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कपड़ा और बर्तन के व्यापारियों के चेहरे पर रौनक है। लोगों ने सुबह से ही बाजारों का रुख किया और आवश्यक सामानों के साथ-साथ शुभ खरीदारी के लिए सराफा बाजार में भी भीड़ लगी रही।
चांदी और सोने के बाजार में बढ़ी रौनक
सराफा बाजार में इस बार चांदी की विशेष मांग देखी जा रही है। मंडी चौक सराफा कमेटी के कोषाध्यक्ष उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि लोग धनतेरस पर शुभ रस्म निभाने के लिए दस, बीस और पचास ग्राम के चांदी के सिक्के खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार गहनों की बुकिंग भी अच्छी हुई है। श्री सराफा कमेटी के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल के अनुसार, सराफा बाजार में इन दिनों प्रतिदिन 15 से 16 करोड़ रुपये का कारोबार हो रहा है। सराफा व्यापारी अक्षय अग्रवाल ने भी कहा कि दिवाली के बाद शादी के सीजन तक बाजार की रौनक बनी रहने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल में भी जोरदार बिक्री
त्योहार को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में मोबाइल फोन, एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन की बिक्री में तेजी आई है। गाड़ियों की बुकिंग भी लगातार बढ़ रही है। ऑटोमोबाइल शोरूमों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है और धनतेरस पर नई गाड़ियों की डिलीवरी के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
मिठाई और ग्रोसरी कारोबार में 80 करोड़ की उम्मीद
व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव सुप्रीत खन्ना ने बताया कि दो साल बाद बाजारों में फिर से रौनक लौटी है। दिवाली तक करीब 80 करोड़ रुपये की मिठाई, सूखे मेवे और ग्रोसरी के सामान बिकने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इस बार सभी वर्ग के ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं और बाजार में सकारात्मक माहौल है।
कपड़ा और बर्तन बाजार में भी रौनक
कपड़ा व्यापारी सुरजीत सिंह डोडा ने बताया कि कपड़ों के व्यापार में मध्यम स्तर की बिक्री हो रही है, लेकिन दिवाली और धनतेरस पर खास उत्साह है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दिनों में बिक्री में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। वहीं बर्तन व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार धनतेरस और दिवाली पर 90 से 110 करोड़ रुपये तक का कारोबार हो सकता है।
स्वदेशी उत्पादों की बढ़ी मांग
व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता ने बताया कि इस बार बाजारों में स्वदेशी उत्पादों पर विशेष ध्यान दिया गया है। ग्राहकों की पसंद अब भारतीय ब्रांडों की ओर बढ़ रही है। दुकानदारों ने भी दुकानों को आकर्षक लाइटों और सजावटी सामग्री से सजाया है ताकि ग्राहक खरीदारी का आनंद उठा सकें।
व्यापारियों के अनुसार दीपोत्सव पर अनुमानित कारोबार
- ऑटोमोबाइल-250 करोड़
- सराफा-150 करोड़
- बर्तन-90-110 करोड़
- इलेक्ट्रॉनिक्स- 80-90 करोड़
- मिठाई, सूखे मेवे-70-80 करोड़
- कपड़ा- 70-80 करोड़
ग्राहकों को भा रहा कॉम्बो पैक
लोगों को स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, माइक्रोओवर, मिक्सी, ग्राइंडर व कॉफी मेकर पसंद आ रहे हैं। टीवी, फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन के कॉम्बो पैक लोग खूब खरीद रहे हैं। इसमें एक लाख से लेकर 51 हजार तक उत्पाद बेचे जा रहे हैं।
सोने के सिक्के, मूर्तियों की मांग ज्यादा
शहर के सराफ बाजार में एक से लेकर सौ ग्राम तक के सोने के सिक्कों और मूर्तियों की मांग है। गणेश-लक्ष्मी, गजराज, लड्डू गोपाल, दीपक, स्वास्तिक व कलश के अलावा फैंसी पायल, सिंहासन, ज्वैलरी बॉक्स, अखंड ज्योति और ड्राईफ्रूट बाउल उपलब्ध हैं। चांदी के नए और पुराने दोनों प्रकार के सिक्कों की मांग ज्यादा है।
धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। दो साल बाद दिवाली पर बाजार में ग्राहकों की रौनक देखने को मिली है। दिवाली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। -सुनील अग्रवाल, महानगर महामंत्री, संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश
इस बार बाजार में तेजी आई है। सराफा, इलेक्ट्राॅनिक्स, ऑटोमोबाइल समेत अन्य बाजार को देखा जाए तो धनतेरस-दिवाली तक करीब साढ़े सात सौ करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। - अरविंद अग्रवाल जॉनी, प्रदेश अध्यक्ष, संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश