Moradabad News: दार्जिलिंग से मदरसे की छात्रा को ले आया माैलाना, पश्चिम बंगाल पुलिस ने पकड़ा, यह भी हुआ खुलासा
दार्जिलिंग के मदरसे में पढ़ने वाली छात्रा को मुरादाबाद लाया मौलाना पीटीसी में मजदूरी करते समय दार्जिलिंग पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने छात्रा को भी बरामद कर लिया।
विस्तार
दार्जिलिंग में मदरसे में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा को लेकर आए मौलाना मो. अलाउद्दीन को मुरादाबाद स्थित पीटीसी से पश्चिम बंगाल की पुलिस ने दबोच लिया। मौलाना यहां पीटीसी में भवन निर्माण में मजदूरी कर रहा था। छात्रा भी पुलिस ने बरामद कर ली। दार्जिलिंग की पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई।
पकड़ा गया मौलाना दार्जिलिंग जिले के नक्शल बाड़ी क्षेत्र में एक मदरसे में पढ़ाता था। इस मदरसे में 17 वर्षीय छात्रा भी पढ़ने आती थी। मौलाना मो. अलाउद्दीन शादीशुदा और तीन बच्चे हैं। आरोपी के छात्रा से संबंध हो गए। करीब एक माह पहले वह छात्रा को लेकर आ गया। छात्रा के पिता ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस टीम दोनों की तलाश में जुटी थी। आरोपी यहां पश्चिम बंगाल के अन्य लोगों के साथ पीटीसी में बन रहे भवन में मजदूरी करने लगा। आरोपी ने एक दिन अपनी पत्नी को कॉल की। जिसके जरिए पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर दार्जिलिंग की पुलिस मुरादाबाद पहुंची और सिविल लाइंस थाने की पुलिस के साथ आरोपी को पीटीसी से पकड़ लिया।
छात्रा भी बरामद कर ली है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि दार्जिलिंग से आई पुलिस टीम ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया है। ट्रांजिट रिमांड पर उसे अपने साथ ले गई है।
कटघर से 16 वर्षीय किशोरी लापता
कटघर थाना क्षेत्र से 16 साल की किशोरी लापता हो गई। किशोरी के भाई ने कटघर थाने में गोविंद नगर निवासी केशव शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जिसमें उसने बताया कि आरोपी उसकी बहन को बहलाफुसला कर अगवा कर ले गया है। कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि किशोरी को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
गर्भवती पत्नी को पीटने में पति पर केस
मझोला थाना क्षेत्र के पीर का बाजार करूला निवासी शबाना परवीन ने अपने पति कलीम के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जिसमें उसने बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे पति कलीम घर आया और उसने अभद्रता शुरू कर दी। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। उसके पेट में लात मारी। जिससे वह जमीन पर गिर गई और उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गया। पुलिस आरोपी की तलाश का रही है।