मुरादाबाद। डॉयल 100 और एंटी रोमियो स्क्वाएड की तैनाती के बाद भी पुलिस छेड़खानी की घटनाओं को रोकने में नाकाम है। सिविल लाइंस के नया गांव में कक्षा छह की एक छात्रा को स्कूल इसलिए छोड़ देना पड़ा क्योंकि शोहदे ने उसका घर से निकलना मुश्किल कर दिया था। मनचला स्कूल जाती छात्रा के साथ रास्ते में छेड़खानी करता था। विरोध करने पर वह छात्रा के चेहरे पर तेजाब उड़ेलने की धमकी भी देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस के नया गांव में रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा से जब रोज - रोज की छींटाकशी बर्दाश्त नहीं हुई तो उसने घर से निकलना बंद कर दिया। मनचले का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया था कि वह छात्रा को विरोध करने पर तेजाब से चेहरा जलाने की धमकी देता था। कुछ दिन की बर्दाश्त के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। डरी - सहमी छात्रा परिजनों के कहने पर भी स्कूल जाने को तैयार नहीं हुई। छात्रा के पिता ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पीड़िता छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी छह कक्षा में पढ़ती है। मोहल्ले में रहने वाला सुहेल उर्फ काले उसे लंबे समय से तंग कर रहा है। विरोध करने पर वह मारपीट और तेजाब डालने की धमकी देता है। धमकी से सहमी छात्रा ने स्कूल छोड़ दिया है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस शक्ति सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।