रामपुर। लोकसभा उपचुनाव संपन्न होने के बाद प्रशासनिक अमले ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को मंडी समिति में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके तहत विधानसभावार 16-16 टेबल लगाई गई हैं। 33 राउंड में मतगणना पूरी होगी। जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस दौरान मंडी समिति में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
रामपुर लोकसभा की रिक्त सीट पर निर्वाचन के लिए 23 जून को मतदान हुआ था। जिसके बाद कड़े सुरक्षा घेरे में ईवीएम मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में जमा करा दी गईं थीं। अब 26 जून को मतगणना होगी। लिहाजा, जिला प्रशासन की ओर से पहले से ही तमाम तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के लिए 16-16 टेबलें लगाई गई हैं। जिसमें 14-14 टेबलों पर ईवीएम से मतगणना होगी। वहीं, ईवीएम से मतगणना के लिए करीब चार सौ कर्मचारी और डाक मतपत्र की गिनती 50 से अधिक कर्मी लगाए गए हैं। 33 राउंड में मतगणना पूरी होगी। मतगणना स्थल पर पूरे समय लगातार ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई जाएगी। साथ ही सादा ड्रेस में भी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। किसी भी प्रत्याशी को अलग सुरक्षा मिली हुई है, तो मतगणना परिसर पर उनके सुरक्षा कर्मियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही मतगणना शुरू होने और बाद में भी सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जाएगी और अफवाह फैलाने वाली पोस्ट डालने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद