मुरादाबाद। नवाबपुरा हाजी नेब की मस्जिद पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमले के बाद जिलाधिकारी ने सातों हॉटस्पॉट को जोन और सेक्टर में बांटकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। इन सभी के साथ पुलिस अधिकारियों की भी ड्यूटियां लगाई गई हैं। हॉटस्पॉट वाले इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखना और लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराना इनकी जिम्मेदारी होगी। सभी हॉटस्पॉट पूरी तरह से सील रखे जाएंगे। ड्रोन से भी इन इलाकों में लगातार निगरानी की जाएगी।
मुरादाबाद में गलशहीद, नवाबपुर्रा, लाल नगरी, तंबाकू वालान, आजाद नगर, लाल बाग और बरवलान में कुल सात हॉटस्पॉट चिन्हित हुए हैं। इन इलाकों से ही कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं और इन्हीं इलाकों की 10 मस्जिदों और एक घर में कोरोना पॉजिटिव जमाती रुके थे। बुधवार को नवाबपुरा में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमले के बाद डीएम - एसएसपी ने इन सभी हॉटस्पॉट में चौकसी बढ़ा दी है। इन इलाकों को तीन जोन और सात सेक्टरों में बांटकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। बुधवार को डीएम ने आदेश जारी किया है कि तीन मई तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। इसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है। डीएम ने सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही यह मजिस्ट्रेट इन इलाकों में आवश्यक सेवाओं का भी ख्याल रखेंगे।