Moradabad: रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 10 लोगों से 3.25 लाख ठगे
रकम दोगुनी करने के नाम पर 10 लोगों से 3 लाख 25 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस मामले में डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। छजलैट थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर भेंडी मझरा सीतापुर निवासी दीपक कुमार ने डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज जी को प्रार्थनापत्र सौंपा।
बताया कि उसके पास के ही कांठ थाना क्षेत्र के गांव चगदापुर निवासी मोहम्मद इरशाद अहमद, ठाकुरद्वारा निवासी वाहिद अली व ऐजाज, मुरादाबाद निवासी मेहताब खान और लखनऊ के उत्तरी कमिश्नरेट निवासी तौकीर रजा ने उसे छह माह में रुपये दोगुने करने का लालच दिया।
इन लोगों की बातों में आकर दीपक ने अगस्त 2021 में 25 हजार रुपये नकद मोहम्मद इरशाद अहमद को दिए थे। साथ गांव के विशाल ने 40 हजार, रोहताश ने 60 हजार, विपिन ने 35 हजार, विपिन द्वितीय ने 25 हजार, शीतल निवासी कांठ ने 45 हजार, पंकज निवासी सदरपुर ने 20 हजार, सोनू निवासी लक्ष्मण वाली मैडेया अमरोहा ने 25 हजार, देवेंद्र निवासी अलीपुरा खालसा ने 30 हजार और प्रेमपाल ने भी 20 हजार रुपये दोगुने करने के लिए उक्त लोगों को दिए थे।
लेकिन तय समय निकलने के बाद भी इन लोगों ने रुपये दोगुने को दूर दी गई रकम भी किसी को वापस नहीं की। जब इस बारे में मोहम्मद इरशाद अहमद ने कहा तो आरोप है कि दीपक को रुपये देने से मना करते हुए धमकियां दी गई। पुलिस से शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने पर दीपक ने डीआईजी से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई।
डीआईजी के आदेश पर अब पुलिस ने मोहम्मद इरशाद अहमद, वाहिद अली, ऐजाज, महताब खान और तौकीर रजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।