Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Moradabad News ›   Bungalow No. A-40 has grown old while awaiting the resolution of four murders.

Moradabad News: चार हत्याओं के खुलासे के इंतजार में बूढ़ा हुआ बंगला नंबर ए-40

Moradabad  Bureau मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Wed, 25 Nov 2026 01:02 AM IST
विज्ञापन
Bungalow No. A-40 has grown old while awaiting the resolution of four murders.
मुरादाबाद। 12 साल में 19 पुलिस कप्तान, नौ एसपी सिटी, 20 सीओ और 31 थाना प्रभारी बदल गए। एसटीएफ और एसआईटी ने भी जांच की लेकिन जिगर कॉलोनी के बहुचर्चित शैली हत्याकांड का राज नहीं खुल सका। यहां बंगला नंबर ए-40 में पांच साल की मासूम और तीन डॉक्टरों की हत्या के आरोपी आज भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इतने वर्षों में पुलिस के चेहरे तो बदले, मगर जांच वहीं ठहरी रही।
विज्ञापन

सिविल लाइंस की जिगर कॉलोनी के ए-40 विद्या भवन में चार लोगों की हत्या को 12 साल बीत चुके हैं। इतने लंबे समय में पुलिस महकमे के चेहरे बदलते रहे, मगर कातिलों के चेहरे बेनकाब नहीं हो सके। सवाल है कि आखिर पुलिस की जांच में ऐसी कौन सी कमजोरी रही कि इतने अधिकारियों और एजेंसियों के बदलने के बाद भी चार हत्याओं की गुत्थी नहीं सुलझी। जिले में पुलिस कप्तान बदलते रहे, थानों में प्रभारी आते-जाते रहे, विवेचक, सीओ और एसपी सिटी भी बदल गए। इन 12 सालों में डॉ. शैली के कर्मचारी, नौकरानी, आस-पड़ोस के लोग समेत 520 लोगों से पूछताछ की गई और करीब 1250 पर्चे काटे जा चुके हैं बावजूद इसके जिगर कॉलोनी स्थित मकान में चार लोगों की हत्या का राज आज भी दफन है।
विज्ञापन

-----------
एक रात में खत्म कर दिया था पूरा परिवार
मुरादाबाद। 15 मई 2014 की रात सिविल लाइंस के जिगर कॉलोनी स्थित ए-40 विद्या भवन में कातिलों ने खूनी खेल खेला था। जिला अस्पताल की पूर्व सीएमएस डॉ. शैली मेहरोत्रा, उनके पति डॉ. ओम मेहरोत्रा, ननद डॉ. रश्मि और पांच साल की पोती दिव्यांशी उर्फ गिन्नी की हत्या कर दी गई थी। तीन लोगों की गला रेतकर हत्या की गई थी, जबकि मासूम गिन्नी का मुंह दबाकर उसकी जान ली गई थी। उस वक्त डॉ. शैली के बेटे उज्जवल और बहू बेंगलुरु में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलने पर बेटे बहू और रुद्रपुर (उत्तराखंड) में रहने वाली बेटी डॉ. गुंजन भी मुरादाबाद आ गई थीं। चौहरे हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर शहर में प्रदर्शन हुए और डॉक्टरों ने हड़ताल तक की। इसके बाद बीट सिपाही से लेकर आईजी तक हटा दिए गए थे और नए अफसरों की तैनाती की गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

--
जांच की हर नई शुरुआत के साथ जगी उम्मीद, फिर टूटी
मुरादाबाद। शुरुआत में पुलिस ने जांच की। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने एसटीएफ को लगाया । उम्मीद थी कि विशेषज्ञ टीम हत्यारों तक पहुंच जाएगी लेकिन सफलता नहीं मिली। सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने 2019 में एफआर लगा दी थी। इसके बाद परिवार कोर्ट चला गया और जांच कराने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने अनुभवी पुलिस अफसरों की टीम से जांच कराने के आदेश दिए थे लेकिन केस पर फिर भी कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। हालात ऐसे हैं कि कई पुलिस कप्तान तो ऐसे आए जिन्होंने घटनास्थल को देखा तक नहीं।
---
सर्जिकल नाइफ से रेते गए थे गले
मुरादाबाद। इस हत्याकांड में सर्जिकल नाइफ का इस्तेमाल किया गया था। डॉ. शैली, डॉ. ओम और डॉ. रश्मि के गले सर्जिकल नाइफ से रेतकर हत्या की गई थी। लखनऊ विधि विज्ञान की टीम इस मामले में जांच करने मुरादाबाद आई थी।

----
चार लोगों की हत्या के मामले में अब तक की जांच की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा नए सिरे से टीम का गठन कर जांच कराई जाएगी। पुराने साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि पुलिस टीम ने किन किन पहलू की जांच कर ली और अब किन किन पहलू की जांच करनी चाहिए।
अजय कुमार साहनी, डीआईजी मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed