सियासी रण में लड़खड़ाया 'हाथी': 335 बूथों पर BSP को मिले 10 से भी कम वोट, 40 पर खाता भी नहीं खुला
अमरोहा में भाजपा प्रत्याशी को भी 59 बूथों पर दस से कम वोट मिले। इसके अलावा 10 बूथों पर उनका भी खाता नहीं खुल सका। चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी को भी 34 बूथों दस वोट भी नहीं मिले।
विस्तार
लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी चौधरी कंवर सिंह तंवर ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी दानिश अली को हराकर चुनाव जीता है। जबकि, बसपा प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा सके। चारों विधानसभा क्षेत्र में बसपा की स्थिति बेहद खराब रही है। स्थिति ये है कि 335 बूथों पर बसपा प्रत्याशी को दस से भी कम वोट मिले हैं। जबकि, 40 बूथों पर खाता भी नहीं खुल सका।
इतना ही नहीं भाजपा प्रत्याशी को भी 59 बूथों पर दस से कम वोट मिले। इसके अलावा 10 बूथों पर उनका भी खाता नहीं खुल सका। चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी को भी 34 बूथों दस वोट भी नहीं मिले। जबकि सात बूथ ऐसे हैं, जहां कांग्रेस को पांच से भी कम वोट मिले हैं। अमरोहा लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभाएं हैं। जिसमें हसनपुर, मंडी धनौरा, नौगांवा सादात और अमरोहा विधानसभा सीट की मतगणना मंडी समिति में हुई थी। जबकि गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा की मतगणना हापुड़ जनपद में हुई। अमरोहा जिले की बात करें तो कुल 1486 बूथ हैं। जबकि 17,16,641 लाख से अधिक मतदाता है।
लेकिन, मतदान के दौरान 1104790 लाख मतदाताओं ने वोट डाले। मुख्य दलों में भाजपा से चौधरी कंवर सिंह तंवर, कांग्रेस-सपा गठबंधन से कुंवर दानिश अली और बसपा से चौधरी मुजाहिद हुसैन मैदान में थे। अमरोहा विधानसभा क्षेत्र में जहां कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में बंपर वोटिंग हुई तो वहीं नौगांवा सादात और हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी को खूब वोट मिले। जबकि मंडी धनौरा विधानसभा क्षेत्र में तीनों प्रत्याशियों को ठीकठाक मत हासिल हुए। किसी बूथ पर भाजपा प्रत्याशी आगे रहे तो किसी पर बसपा। जबकि कई बूथों पर कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी बाजी मारते दिखे।
लेकिन, अमरोहा विधानसभा सीट पर बसपा प्रत्याशी मुजाहिद हुसैन की स्थिति बेहद खराब रही। उन्हें इस सीट के 160 बूथों पर दस से भी कम वोट मिले। जबकि इसी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी तीस बूथों पर दस से भी कम वोट मिले हैं। धनौरा विधानसभा सीट की बात करें तो यहां पर बीएसपी प्रत्याशी को 30 बूथों पर दस से भी कम वोट मिले। जबकि दो बूथों पर खाता भी नहीं खुल सका। यहां पर कांग्रेस के प्रत्याशी को पांच बूथों पर दस से कम वोट मिले हैं। बात हसनपुर विधानसभा क्षेत्र की करें तो यहां भाजपा प्रत्याशी को 11 बूथों पर दस से कम वोट मिले तो वहीं बसपा प्रत्याशी को 54 बूथों पर दस वोट भी नहीं मिल सके। जबकि, पांच बूथों पर खाता भी नहीं खुला है। कई बूथ ऐसे हैं जहां केवल एक से चार तक वोट मिले हैं। वहीं नौगांवा सादात विधानसभा सीट पर आठ बूथों पर बीजेपी की स्थिति बेहद खराब रही। जबकि, बसपा प्रत्याशी को 91 बूथों पर दस से कम वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी की भी कई बूथों पर स्थिति खराब रही है।
विधानसभावार पड़े मतों की स्थिति
हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के छह बूथ
बूथ भाजपा कांग्रेस बसपा
16 456 175 5
21 723 30 5
31 756 12 4
55 40 582 3
56 9 683 3
74 8 292 2
धनौरा विधानसभा क्षेत्र के छह बूथ
बूथ भाजपा कांग्रेस बसपा
282 154 224 1
274 51 276 1
253 30 441 2
255 528 7 8
147 296 6 1
83 333 4 0
अमरोहा विधानसभा क्षेत्र के छह बूथ
बूथ भाजपा कांग्रेस बसपा
9 8 573 6
11 7 696 4
98 6 412 1
135 7 456 3
152 7 754 4
155 631 96 0
नौगामा सादात विधानसभा क्षेत्र के छह बूथ
बूथ भाजपा कांग्रेस बसपा
337 6 830 8
338 17 797 0
360 687 14 4
377 395 2 6
245 7 641 1
227 40 682 0
नोट: चारों विधानसभा क्षेत्र के और भी कई बूथों पर तीनों प्रत्याशियों को वोट दस से कम हैं।