बाल-बाल बची सास: संभल में दुल्हन की विदाई कराने के लिए जाते समय चली गोली, दूल्हे की मां हुई घायल
परिजनों के बीच रखी बंदूक का ट्रिगर दब गया। जिससे गोली चल गई। गनीमत यह रही कि बंदूक से निकली गोली सीधे महिला को नहीं लगी, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी।
विस्तार
संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव अहमदनगर पस्तोरा में गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे दुल्हन को लेने जाने की तैयारी में लगे परिजनों के बीच रखी बंदूक का ट्रिगर दब गया। जिससे गोली चल गई। इसके छर्रे दूल्हे की मां कमला देवी (60) पत्नी सतपाल सिंह को लगे। जिससे वह घायल हो गईं। परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। गनीमत यह रही कि बंदूक से निकली गोली सीधे महिला को नहीं लगी, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी।
कमला देवी के पति सतपाल सिंह ने बताया कि छोटे बेटे मुनेश की शादी अलीगढ़ जिले के गांव निवासी युवती से हुई है। गुरुवार को बहू को बुलाने के लिए परिवार और रिश्तेदार जाने की तैयारी में लगे थे। जाने की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।
लाइसेंसी बंदूक भी साथ में लेकर जाना था। जिसे बाहर निकाल लिया गया था। घर पर ही किसी तरह बंदूक का ट्रिगर दब गया, जिससे गोली चल गई। गोली के छर्रे पत्नी कमला देवी को लग गए। जिससे वह घायल हुईं। तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से मुरादाबाद ले गए। हालत में सुधार है।
वहीं इस मामले की जानकारी बहजोई कोतवाली प्रभारी पंकज लावानियां से की तो उन्होंने बताया कि छर्रे लगने की जानकारी मिली है। इस मामले की छानबीन की जा रही है। यह घटना कैसे हुई इसकी जानकारी जांच पड़ताल के बाद ही हो सकेगी।