ताबड़तोड़ फायरिंग: मुरादाबाद में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, असमोली से लड़ चुके थे ब्लॉक प्रमुख का चुनाव
मुरादाबाद में घर के पास पार्क में टहल रहे भाजपा नेता अनुज चौधरी की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। संभल के नेकपुर निवासी इन दिनों पाकबड़ा के प्रतिभा अपार्टमेंट में रहते थे।
विस्तार
नया मुरादाबाद स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसायटी में बृहस्पतिवार शाम छह बजे भाजपा नेता एवं असमोली ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्याशी रहे अनुज चौधरी (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके सिर, कंधे और पीठ में चार गोलियां मारी गईं। वह अपने दोस्त के साथ सोसायटी में ही सड़क पर टहल रहे थे, जबकि उनका गनर और स्टाफ फ्लैट में मौजूद था।
परिजनों ने चुनावी रंजिश को वजह बताते हुए असमोली ब्लॉक प्रमुख के पति और उसके बेटे सहित चार पर मुकदमा दर्ज कराया है। संभल जिले के एचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के अलिया नेकपुर निवासी अनुज चौधरी मझोला क्षेत्र में पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसायटी में टावर टी-7 के फ्लैट नंबर 401 और 402 में रहते थे।
उन्होंने असमोली ब्लॉक के प्रमुख का चुनाव लड़ा था। संभल पुलिस से उन्हें एक सरकारी गनर मिला था। अनुज ने अपनी सुरक्षा में दो निजी गनर भी रखे थे। रोज की तरह अनुज बृहस्पतिवार शाम छह बजे सोसायटी में ही अपने दोस्त पुनीत निवासी संभल के साथ टहल रहे थे। वह टहलते हुए गेट संख्या एक के सामने सड़क पर पहुंच गए।
इस दौरान पीछे से बाइक पर तीन बदमाश आए। बाइक चला रहे बदमाश ने हेमलेट पहन रखा था। जबकि पीछे बैठे दोनों बदमाश बेनकाब थे। तीनों ने 315 बोर तमंचे और पिस्टल से अंधाधुंध गोलियां चला दीं। सिर, पीठ और कंधे में गोली लगने पर अनुज मौके पर ही गिर गए।
साथी पुनीत जान बचाने के लिए पार्क की ओर दौड़ा तो बदमाशों ने उस पर भी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग अपने फ्लैटों से बाहर निकले तो बदमाश गेट संख्या एक से भाग गए।
पुलिस ने अनुज को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी हेमराज मीना, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लोगों से पूछताछ की।
चौधरी की हत्या से बुखारीपुर गांव में शोक
भाजपा नेता अनुज चौधरी की हत्या के बाद उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। अनुज चौधरी संभल जनपद के असमोली ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव से निकटता थी। आदमपुर थाना क्षेत्र के बुखारीपुर गांव में वर्ष 2016 में अनुज चौधरी ने अपना मकान बनाया था।
कृषि के लिए भूमि खरीदी थी लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने इसे बेच दिया। बुखारीपुर गांव में अनुज चौधरी के परिजन रहते हैं। ग्रामीणों को जब उनकी हत्या की सूचना मिली तो शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों का कहना है कि अनुज मृदुभाषी व मिलनसार प्रवृति का था। हर किसी सुख-दुख सदैव तत्पर पर रहता था। वह एक सप्ताह पूर्व ही बुखारीपुर आए थे। हत्या की सूचना मिलते परिजन मुरादाबाद को रवाना हो गए हैं।
छह लाख की सुपारी देकर करवाई थी किसान की हत्या
मुरादाबाद के छजलैट के मतलबपुर में किसान सूखा सिंह की हत्या उसके साढ़ू चंद्रपाल और उसके बेटे पीयूष ने छह लाख रुपये की सुपारी देकर कराई थी। सुपारी देकर हत्या करने वाले जीला साले को पुलिस ने गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। बुधवार शाम पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि छजलैट थाना क्षेत्र के पचोकरा गांव निवासी सूखा किसान था। परिवार में पत्नी कौशल देवी और बेटा था। करीब चार माह पहले बेटे अंकित ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से सूखा अपनी बहन के सदरपुर मतलबपुर गांव में रहने लगा था।
चार अगस्त की शाम करीब छह बजे सूखा खेत से चारा लेने गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा था। गोली लगी अवस्था में उसका शव पड़ा मिला था। सूखा के भांजे राहुल की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि सूखा ने अपने मामा के बेटे अर्जुन को 20 बीघा जमीन दान कर दी थी।
इसी जमीन सूखा का साढ़ू चंद्रपाल निवासी बिलावाला थाना भगतपुर हथियाना चाहता था। इसके अलावा बाकी जमीन पर भी चंद्रपाल और उसके बेटे पीयूष की नजर थी। चंद्रपाल ने अपने बेटे पीयूष के साथ चचेरे भाई जितेंद्र को छह लाख रुपये में सूखा की हत्या की सुपारी दी थी।
जितेंद्र ने अपने साले विनीत निवास चिंतावाली मढ़ैया सिंडलाऊ नजर पुर को शामिल किया। आरोपी पिता ने दोनों को एडवांस में 12 हजार रुपये भी दे दिए थे। विनीत ने अपने साथी अरुण सिंह निवासी आधौ नगली थाना भगतपुर को शामिल कर लिया था।