मुरादाबाद। कुछ दिन की खामोशी के बाद बाइकर्स गैंग फिर से सक्रिय हो गया। सोमवार दोपहर बुद्घि विहार में बदमाशों ने एक महिला के झपट्टा मारकर कुंडल छीन लिए। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी बाइक दौड़ाकर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश, लेकिन तब तक वे दूर निकल चुके थे।
बाइकर्स गैंग के सदस्यों ने मझोला थानाक्षेत्र के मंडी समिति एकता कालोनी निवासी शारदा को शिकार बनाया। पीड़ित महिला शारदा ने पुलिस को बताया कि वह बुद्घि विहार में एक मकान में बर्तन धोने का काम करती है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह बुद्धि विहार स्थित एक घर में काम करने जा रही थी। वह एलआईसी दफ्तर के पास पहुंची थी कि इस दौरान बाइक सवार दो युवक आए। उन्होंने महिला से दिल्ली रोड जाने का रास्ता पूछा और इसके बाद उन्होंने बाइक दौड़ा दी। महिला अभी कुछ दूर ही पहुंची थी कि दोनों बदमाश बाइक मोड़कर वापस उसके पास आए। महिला कुछ समझ पाती कि उससे पहले बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके कुंडल खींच लिए। जिससे महिला के कान भी जख्मी हो गए। महिला के शोर मचाने पर लोग मौके पर जुट गए, लेकिन उससे पहले ही बदमाश बाइक दौड़ाकर भाग निकले। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। मझोला थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।