मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ ही जिले में कोरोना संक्रमित मिलने के केसों में गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार को कोरोना संक्रमण के 41 नए केस मिले, जबकि एक पॉजिटिव की जान गई। जिला सर्विलांस अधिकारी का कहना है कि नए केसों की संख्या में कमी सभी के लिए राहत की बात है।
मुरादाबाद में एंटीजन, ट्रूनेट और आरटीपीसीआर के माध्यम से पांच हजार व्यक्तियों की कोरोना संक्रमण की जांच की जा रही है। अब प्रतिदिन आने वाले संक्रमितों की संख्या 50 से भी कम रह गई है। गुरुवार को मिले 41 संक्रमितों में भरतपुर टांडा ब्लाक के छह, कुंदरकी का एक, मुरादाबाद ब्लॉक के चार, मुरादाबाद अर्बन के 14, मूंढापांडे ब्लॉक के चार, ठाकुरद्वारा ब्लॉक के तीन लोग शामिल हैं। जनपद में अब सक्रिय केसों की संख्या 1069 रह गई है। गुरुवार को अस्पतालों से 94 व्यक्ति कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होकर अपने घरों को गए हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. डीके प्रेमी का कहना है कि निगरानी समितियों और क्षेत्रों में हुए सर्वे के बाद सभी आशंकित व्यक्तियों की जांच कराई गई और उसके बाद संबंधित व्यक्तियों तक दवाइयां पहुंचाई गईं हैं। इसकी वजह से कोरोना संक्रमण में गिरावट आ रही है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को जनपद में सिर्फ एक मरीज की मौत हुई है। छह अप्रैल के बाद से गुरुवार को पहला मौका है, जब मौत की संख्या सिर्फ एक है।