{"_id":"46-19345","slug":"Moradabad-19345-46","type":"story","status":"publish","title_hn":"फिर मुरादाबाद आई सीबीआई की टीम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फिर मुरादाबाद आई सीबीआई की टीम
Moradabad
Updated Tue, 12 Feb 2013 05:31 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। एनआरएचएम घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने एक बार फिर मुरादाबाद का रुख किया। सोमवार को सीबीआई के एएसपी के नेतृत्व में आई टीम ने पहले सीएमओ से मुलाकात की। बाद में एनआरएचएम के बाबू से कुछ बिंदुओं पर सूचना मांगी। टीम ने बाबू से 25 बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है। तीन दिन में रिपोर्ट मुख्यालय भेजने को कहा गया है।
एनआरएचएम घोटाले में मुरादाबाद का नाम ही काफी सुर्खियों में रहा है। चार-पांच बार सीबीआई छापे भी मार चुकी है। सोमवार को एएसपी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम जिला अस्पताल पहुंची। टीम ने पहले सीएमओ डा. संजीव यादव से मुलाकात की। बाद में सीएमओ चैंबर में ही एनआरएचएम के प्रभारी महावीर सिंह से बातचीत की। 2006 से 2011 के बीच दवा, उपकरण खरीद व निर्माण से संबंधित रिकार्ड पहले ही सीबीआई ले चुकी है। कुछ बिंदुओं पर टीम ने महीने भर पहले ही आपत्ति की थी। इसकी सूचना सीएमओ को दे दी गई थी। इन आपत्तियों की सूचनाएं एकत्र करने ही टीम जिला अस्पताल आई थी। इन बिंदुओं पर रिपोर्ट लेने के साथ ही सीबीआई ने 25 बिंदुओं की दूसरी सूची एनआरएचएम के बाबू को दी। ये सूचनाएं तीन दिन में भेजने को कहा गया है। सीएमओ डा. संजीव यादव ने बताया कि पहले ही रिपोर्ट तैयार थी। दूसरी सूची की रिपोर्ट भी एक-दो दिन में भेज दी जाएगी।
विज्ञापन