{"_id":"46-17365","slug":"Moradabad-17365-46","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक्सपोर्टर की कोठी से 15 लाख की चोरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक्सपोर्टर की कोठी से 15 लाख की चोरी
Moradabad
Updated Sun, 11 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। शहर के नामचीन निर्यातक और डायनेमिक एक्सपोर्ट्स कंपनी के सहमालिक सुरेंद्र मुंजाल की कोठी से चोरों ने करीब 15 लाख के गहने और नगदी चुरा लिए। मानसरोवर कालोनी में मुंजाल कोठी के नाम से मशहूर इस घर में तीन से आठ नवंबर के बीच चोरी होती रही लेकिन घरवालों को पता नहीं चला। जानकारी तब हुई जब एक्सपोर्टर की बहू किसी समारोह में जाने से पहले जेवर निकालने ऊपर के कमरे में पहुंची। यह कमरा कभी-कभी ही खुलता है इसलिए चोरी का किसी को आभास तक नहीं हुआ था। चोरी का शक नौकरानी पर है। एक्सपोर्टर ने चोरी गए जेवरों और नगदी की लिस्ट पुलिस को सौंपकर मुकदमा दर्ज कराया। शोर तो एक करोड़ से ऊपर की चोरी का दिनभर मचता रहा लेकिन निर्यातक ने कहा कि 15 लाख रुपये की चोरी का अनुमान है।
लाकड़ी फाजलपुर में डायनेमिक एक्सपोर्ट्स कंपनी के मालिक कमल नयन, सुरेंद्र मुंजाल और प्रेम मुंजाल की मानसरोवर कालोनी में एक के बाद एक तीन कोठियां हैं। शुक्रवार रात सुरेंद्र मुंजाल का बेटा प्रफुल्ल और बहू दीपिका चड्ढा कोठी में आयोजित पार्टी में जा रहे थे। सुरेंद्र उस वक्त फैक्ट्री में थे। बहू जब ऊपर अपने कमरे की सेफ से ज्वैलरी लेने पहुंचीं तो दंग रह गईं। अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें सोने की चेन पेंडल और चूड़ियां गायब थीं। दीपिका ने तत्काल प्रफुल्ल को बताया। सुरेंद्र भी घर लौटे। उन्होंने बहू से लाकर खोलकर चेक करने की सलाह दी। लेकिन लाकर की चाबी नहीं मिली। इसके बाद डुप्लीकेट चाबी से लाकर खोला गया तो उसके अंदर से नगदी, सोने और हीरे के तमाम आभूषण गायब थे।
विज्ञापन
घटना के बाद तीनों परिवारों में हड़कंप मच गया। सुबह मुंजाल परिवार ने भाजपा नेता विनोद अग्रवाल को बताया। तब पुलिस को सूचना दी गई। एसपी सिटी समेत फोर्स मौके पर पहुंचा। डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घर का चप्पा-चप्पा खंगाला, लेकिन कुछ हाथ नहीं आया। परिजनों ने बताया कि तीन नवंबर को दिल्ली जाने से पहले दीपिका ने अपने जेवर और नगदी लाकर में रखे थे। छह को लौटी थी। उन्होंने बताया कि तीन नवंबर को ही उन्होंने एक पुरानी नौकरानी को काम पर रखा था, जिसने आठ को खुद ही काम छोड़ दिया।
विज्ञापन
चोरी गए सामान की लिस्ट--
तीन डायमंड के सेट
दो डायमंड बैंगल
तीन डायमंड रिंग्स
एक डायमंड का ब्रेसलेट
डायमंड की इयररिंग्स
एक गोल्ड चेन और पैंडल
करीब 70 हजार कैश